बिहार में शिक्षा को बड़ा बूस्ट: 2996 नए स्कूल भवन और 211 डिग्री कॉलेजों के स्थायी कैंपस का होगा निर्माण
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने राज्य में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 2,996 विद्यालयों के नए भवनों तथा उनमें कुल 16,440 कक्षाओं के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया है।

लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में उच्च शिक्षा विभाग के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने 211 नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों के स्थायी कैंपस के निर्माण को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। ज्ञात हो कि प्रखंड स्तर पर बच्चों को उच्च शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से 15 जुलाई 2026 को इन 211 डिग्री कॉलेजों में एक साथ पठन-पाठन की शुरुआत कराई गई थी।
कॉलेजों में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
बैठक के दौरान शिक्षा तथा उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजीव रौशन ने स्थायी कैंपस के डिजाइन, साइट और फ्लोर प्लान का प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि इन महाविद्यालयों के स्थायी कैंपस का निर्माण आधुनिक शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा। प्रस्तावित नए डिग्री परिसरों में क्लास रूम, लेक्चर थिएटर, साइंस ब्लॉक, आर्ट ब्लॉक और लाइब्रेरी ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके अलावा केमिस्ट्री लैब, कंप्यूटर लैब और जूलॉजी लैब के साथ-साथ किचन एवं छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की भी सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन परिसरों का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए। इसके लिए उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया: 1. भविष्य की जरूरतों को देखते हुए स्थायी कैंपस का मॉडर्न डिजाइन तैयार किया जाए, जिसमें जी+5 (G+5) भवन निर्माण का विकल्प भी शामिल हो। 2. सभी जिलों में स्थायी कैंपस के निर्माण के लिए ऐसी भूमि को प्राथमिकता दी जाए जो प्रखंड मुख्यालय के नजदीक हो, और तीसरा, 2,996 विद्यालय भवनों और कक्षाओं के निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री संजय सिंह टाईगर, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, शिक्षा तथा उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजीव रौशन और बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अभिषेक पलासिया सहित कई अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।




