उजियारपुर: पुलिस की कथित ज्यादती और झूठे मुकदमे के खिलाफ भाकपा माले का फूटा गुस्सा, नाजिरपुर में की प्रतिरोध सभा
उजियारपुर: स्थानीय पुलिस द्वारा ग्रामीणों पर कथित रूप से झूठा मुकदमा दर्ज करने, मारपीट करने और दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को उजियारपुर के नाजिरपुर हाट परिसर में भारी आक्रोश देखने को मिला। भाकपा माले (CPI-ML) की उजियारपुर प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ एक विशाल ‘प्रतिरोध सभा’ का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता हेमंत सिंह ने की, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

संकरे रास्ते पर विवाद और शराब तस्करी का झूठा आरोप
सभा को संबोधित करते हुए माले नेता महावीर पोद्दार ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पूरी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक संकरे (एकल) रास्ते पर उजियारपुर पुलिस की गश्ती गाड़ी को आगे बढ़ने में कुछ परेशानी हुई थी। आरोप है कि इसी बात से खफा होकर पुलिस पदाधिकारी ने वहां मौजूद युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
नेताओं ने बताया कि उसी समय कटोरिया से लौटे एक ट्रक से कुछ युवक सामान उतार रहे थे। पुलिस ने उन पर शराब का धंधा करने का बेबुनियाद आरोप लगाते हुए ट्रक की तलाशी लेनी शुरू कर दी, जिसके बाद मामला और गरमा गया।
राइफल छीनने का मुकदमा और बीमार नाबालिग से मारपीट
माले नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने अपनी ज्यादती को छिपाने के लिए ग्रामीणों पर संगीन धाराएं लगा दीं। पुलिस ने 4 लोगों को नामजद करते हुए 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी राइफल छीनने, मारपीट करने और वर्दी पकड़ने का झूठा मामला दर्ज कर लिया है।
सभा में सबसे गंभीर मुद्दा एक बीमार नाबालिग की गिरफ्तारी का उठा। नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है, उनमें एक नाबालिग बच्चा भी शामिल है। यह बच्चा हेपेटाइटिस-बी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है, इसके बावजूद कथित तौर पर पुलिस ने उसके साथ भी मारपीट की।
उग्र आंदोलन की चेतावनी और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने इस घटना को लेकर सरकार और प्रशासन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिस पुलिस पर जनता की हिफाजत की जिम्मेदारी है, वही रक्षक अब भक्षक बनकर निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसा रही है। महावीर पोद्दार ने चेतावनी दी कि भाकपा माले पुलिस के इस दमन और अन्याय को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
पार्टी नेताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच तथा पुलिस कार्रवाई की तत्काल समीक्षा की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है की गुरुवार को हमलोग संबंधित पुलिसकर्मी का पुतला दहन करेंगे और कार्यवाई नहीं होती है तो थाना का भी घेराव करेंगे।
ये रहे मौजूद
प्रतिरोध सभा के दौरान ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा देखा गया। इस मौके पर मनोज कुमार राम, पप्पू यादव, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन दास, राहुल राय, उप सरपंच रामप्रीत सिंह, राम बालक सिंह, सुरेश सिंह, लालबाबू राय, प्रमिला देवी, मणिमाला देवी, कृष्णा देवी, सविता देवी, नूतन देवी और मधुमाला देवी सहित कई अन्य गणमान्य लोग व ग्रामीण उपस्थित थे।



