आइसा छात्र नेता की गिरफ़्तारी के खिलाफ भाकप माले का उजियारपुर थाना पर धरना प्रदर्शन
उजियारपुर थाना क्षेत्र के लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत में दो दिन पूर्व जमीनी विवाद की जांच के लिए पहुंची पुलिस ने आइसा छात्र नेता को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद भाकपा माले के नेताओं ने बताया कि महिलाओं के साथ पुलिस द्वारा बदसलूकी करने पर मौके पर उपस्थित छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टुडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के नेता ने बदसलूकी किए जाने के खिलाफ सवाल पूछा तो उल्टे उसको ही उजियारपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

घटना के संबंध में उजियारपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया है कि लखनीपुर महेशपट्टी निवासी स्वर्गीय गनौर राय की पत्नी मीना देवी और रामकिशोर राय के बेटे राजेश राय के बीच 15 दिसंबर को जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इस मामले में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाना में आवेदन दिया गया था।
आवेदन के आधार पर मामले की जांच के लिए पुलिस घटनास्थल पर गए थे, जहां से रोहित पासवान नाम के एक युवक को शक के आधार पर पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। जिससे पूछताछ और नाम-पता सत्यापन के बाद उसे छोड़ दिया जाता, लेकिन इसी बीच कुछ लोग आकर नारेबाजी करते हुए थाने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे भाकपा माले नेता फूलबाबू सिंह ने बताया कि छात्र नेता रोहित पासवान को हिरासत में लेने के बाद जब पार्टी कार्यकर्ता उनसे मिलने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया। कार्यकर्ता खुले आसमान के नीचे जमीन पर बैठकर पुलिस विरोधी नारे लगा रहे हैं।

उपरोक्त मामले की जानकारी होने पर थाना पर पहुंचे माले नेताओं जिला स्थायी कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह, महावीर पोद्दार, प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान सहित अन्य लोगों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए धरना प्रदर्शन किया। वहीं मौके पर पहुंचे एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने मामले को संज्ञान में लेकर विधिसम्मत कार्यवाई करने का आश्वासन दिया है।



