मुर्गा काटने से लेकर कॉमेडी और ऐक्टिंग तक, IPL में की कमेंट्री, अब हुआ गिरफ्तार… ये है मनी मेराज की कहानी

बिहार के फेमस यूट्यूबर मनी मेराज एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार देर रात यूपी पुलिस ने मनी मेराज को गिरफ्तार कर कस्टडी में ले लिया जिसके बाद से सोशल मीडिया पर माहौल काफी गरमाया हुआ है। उनके साथ काम करने वाली अभिनेत्री वन्नु डी ग्रेट उर्फ वंदना देवी ने मनी मेराज पर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन और गर्भपात का आरोप लगाते हुए केस कर दिया जिसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर जांच पड़ताल कर रही है।

बिहार के फेमस यूट्यूबर मनी मेराज को शनिवार देर रात यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें ट्रांजिट रिमांड के लिए आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। देर रात उनके वकील शिवनंदन भारती ने पुष्टि करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने मनी मेराज को गिरफ्तार किया है। उन पर उनके सहकर्मी अभिनेत्री वन्नु डी ग्रेट द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, यौन शोषण और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मनी मेराज मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से करीब 55 किलोमीटर दूर स्थित साहेबगंज प्रखंड के निवासी हैं। उनकी कहानी एक आम युवक से मशहूर यूट्यूबर बनने तक की कुछ इस प्रकार है। शुरु में वे मुर्गा काटने का काम करते थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपने गांव के लोकल अंदाज में अश्लील भाषा का उपयोग करते हुए कॉमेडी वीडियो बनाना शुरू किया। उनके देसी स्टाइल और बोलचाल के कारण वे सोशल मीडिया पर तेजी से मशहूर हो गए।

आज मनी मेराज के सैकड़ों वीडियो पर मिलियन में व्यूज हैं। वे अपनी भोजपुरी अंदाज और देशी स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हाल के वर्षों में अपनी लोकप्रियता के दम पर करोड़ों की लागत से अपने गांव में आलीशान घर भी बनवाया है। इसके अलावा 2025 के IPL में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच के मैच में जियो सिनेमा पर भोजपुरी में कमेंट्री करते हुए भी नजर आए थे, जिसके कारण वो और फेमस हो गए। हाल ही में उनका एक भोजपुरी फिल्म भी रिलीज हुआ था, जिससे वे अभिनय की दुनिया में भी कदम रख चुके थे।

हालांकि, कुछ सप्ताह पहले उनके साथ काम करने वाली एक एक्ट्रेस ने गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इस प्राथमिकी में अभिनेत्री वन्नु डी ग्रेट उर्फ वंदना देवी ने आरोप लगाया था कि मनी मेराज ने शादी और धर्म परिवर्तन का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और उसके साथ धोखा किया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्हें शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल मनी मेराज यूपी पुलिस की कस्टडी में हैं, उनके खिलाफ दर्ज मामले की जांच जारी है। वहीं, इस गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों और विरोधियों के बीच काफी बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे साजिश बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि समाज में गंदगी फैला रहा था, तो कोई कह रहा है इसके ऊपर हिन्दू मुस्लिम किया जा रहा है।

Exit mobile version