मौत से इंच भर की दूरी! प्रेमिका की बेवफाई से आहत होकर पटरी पर सोया लड़का, ड्राइवर ने ऐसे बचाई जान
प्यार में मिले धोखे और जज्बातों में बहकर जान देने की कोशिश करने का एक भावुक वीडियो सामने आया है। रेलवे ट्रैक पर एक युवक जान देने के इरादे से मालगाड़ी के सामने लेट गया, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मालगाड़ी सुनसान रेलवे ट्रैक पर खड़ी है। ट्रेन के ठीक सामने एक युवक पटरियों के बीचो-बीच लेटा हुआ था। लोको पायलट ने समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोक दी, जिससे युवक की जान बच गई। जब ट्रेन स्टाफ नीचे उतरा, तो युवक ट्रैक पर बैठा फफक-फफक कर रो रहा था।
5 साल का साथ था, आज वो किसी और की हो रही है
जब लोको पायलट और रेलवे स्टाफ ने युवक से मरने का कारण पूछा, तो उसका जवाब सुनकर वहां मौजूद लोगों का दिल पसीज गया। रोते हुए युवक ने बताया, “आज उसकी शादी है। 5 साल तक उसने मुझसे बात की, अब मुझे छोड़कर किसी और से शादी कर रही है। हम उसके बिना नहीं जी सकते।” युवक बार-बार यही कह रहा था कि प्रेमिका के धोखे के बाद उसकी जीने की इच्छा खत्म हो गई है।
लोको पायलट ने पेश की इंसानियत की मिसाल
इस घटना में लोको पायलट की भूमिका की जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने न केवल ट्रेन रोककर युवक की जान बचाई, बल्कि उसे एक बड़े भाई की तरह समझाया भी। वीडियो में ड्राइवर युवक को समझाते हुए सुनाई दे रहे हैं: “अरे नहीं मरा जाता है बाबू… लड़की धोखा दे दी तो जान दे दोगे? तुम्हारे मां-बाप भी तो हैं, उनका क्या होगा? चलो उठो, हटो यहां से।”
काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को ट्रैक से हटाया गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग लोको पायलट की सतर्कता को सलाम कर रहे हैं और युवाओं को ऐसे घातक कदम न उठाने की सलाह दे रहे हैं।



