समस्तीपुर: परवल के खेत में मिला 25 वर्षीय सुमन का शव, गले में बंधा था धागा; पुलिस की लापरवाही से भड़के लोगों ने किया सड़क जाम
समस्तीपुर/उजियारपुर: समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलारी और गावपुर गांव की सीमा पर गुरुवार शाम उस वक्त इलाके में सनसनी फैल गई, जब परवल के खेत में खजूर के पेड़ के नीचे एक 25 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गावपुर पंचायत के छतवारी (वार्ड संख्या 04) निवासी सुरेश दास के पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमन शहर से बाहर रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था और महज दो-तीन दिन पहले ही अपने घर लौटा था।

मुख्य बिंदु:
- घटनास्थल: बेलारी और गावपुर गांव की सीमा पर स्थित परवल का खेत (खजूर पेड़ के नीचे), उजियारपुर थाना क्षेत्र
- मृतक की पहचान: सुमन कुमार (25 वर्ष), पिता- सुरेश दास, निवासी- गावपुर पंचायत (छतवारी वार्ड नं. 04)
- महत्वपूर्ण सुराग: मृतक के गले में तांत का धागा लिपटा था; पास में मोबाइल और 100 गज दूर मिली बाइक।
- वर्तमान स्थिति: पुलिस की देरी और रवैये से आक्रोशित परिजनों द्वारा बेलारी हाई स्कूल चौक पर सड़क जाम, वरीय अधिकारियों की मांग।
मजदूरों ने देखा शव, गले में लिपटा था धागा
शव मिलने का पता तब चला जब बेलारी गांव का एक किसान कुछ मजदूरों के साथ खेत में परवल तोड़ने पहुंचा। परवल तोड़ते समय मजदूरों की नजर खजूर के पेड़ के नीचे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद वे बुरी तरह सहम गए और तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के शव के पास ही उसका मोबाइल फोन पड़ा था, जबकि उसकी बाइक घटनास्थल से करीब सौ गज की दूरी पर खड़ी थी। मृतक के गले में तांत का धागा लपेटा हुआ था। इस स्थिति को देखकर परिजनों ने फांसी लगाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों का फूटा गुस्सा
घटना की खबर मिलते ही परिजन चीखते-पुकारते घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उजियारपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस घंटों देरी से घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचने के बाद जब पुलिस ने बिना किसी ठोस छानबीन के सीधे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पुलिस की इस कार्यशैली का कड़ा विरोध किया, जिसके बाद पुलिस बिना कार्रवाई किए बैरंग वापस लौट गई।
शव को सड़क पर रख कर किया चक्का जाम
घटना और पुलिस की लापरवाही से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सुमन के शव को बेलारी हाई स्कूल चौक पर रख दिया है और मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मौके पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों (सीनियर अधिकारियों) को बुलाने की मांग पर अड़े हुए थे।
वहीं लोगों का आक्रोश बढ़ता देख दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा, सर्कल इन्स्पेक्टर पिंकी प्रसाद, उजियारपुर थानाध्यक्ष अजित कुमार, अंचलाधिकारी आकाश कुमार, समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच कर लोगों को समझा-बुझाकर रात के करीब साढ़े ग्यारह बजे में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया।
वही परिजनों को पुलिस के द्वारा आश्वासन दिया गया है कि साक्ष्य जुटाकर घटना कि जांच कि जा रही है साथ ही एफएसएल कि टीम भी मौके पर पहुँच कर जांच कर रही है। वहीं सर्कल इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद ने कहा कि प्रथम दृष्टि में पता चल रहा है कि युवक कि गला दबाकर हत्या कि गई है। उन्होंने ये भी कहा कि आगे से इस तरह की घटना ना हो इसके लिए 112 की टीम को गश्ती के लिए बहाल करेगी।



