सिवान सदर अस्पताल में पार्किंग को लेकर अस्पताल सुरक्षा गार्ड और 112 पुलिस कर्मी के बीच जमकर हुई हाथापाई
बिहार के सीवान सदर अस्पताल परिसर में गुरुवार को गलत जगह बाइक पार्किंग को लेकर अस्पताल के निजी सुरक्षा कर्मी और डायल 112 के बाइक पर तैनात सिपाही के बीच जमकर हाथापाई हो गई।

देखते ही देखते अस्पताल परिसर में मौजूद मरीज और लोगों कि भीड़ लग गई, जिसके कारण पूरा अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बारे में प्राप्त जानकारी अनुसार बताया जा रहा है कि अस्पताल के निजी सुरक्षा गार्ड मुन्ना ठाकुर जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रये के संभावित अस्पताल आगमन को लेकर अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर रहे थे। इसी क्रम में डायल 112 की बाइक पर सवार सिपाही मनोज कुमार अस्पताल पहुंचे और आपातकालीन गेट के ठीक सामने सड़क के बीचों-बीच बाइक खड़ी कर दी।
जिसके बाद सुरक्षा गार्ड ने सिपाही को नियम समझाते हुए बाइक हटाने के लिए बोला, जिसके कारण सिपाही भड़क गए और दोनों के बीच काफी बहसबाजी, फिर गाली-गलौज हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जिसके बाद मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
स्थानीय कर्मियों का कहना है कि संबंधित सिपाही के खिलाफ पहले भी अनुशासनहीन व्यवहार की शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि वे अक्सर अस्पताल परिसर में तेज हूटर बजाते हुए प्रवेश करते हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को असहजता होती है।
वहीं घटना को लेकर सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह के द्वारा बताया गया है कि गार्ड की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। और पढ़ें।



