उजियारपुर: भाकपा-माले का भूख-हड़ताल समाप्त, आवास योजना व भ्रष्ट कर्मियों पर कार्रवाई का मिला आश्वासन
उजियारपुर अंचल कार्यालय के समक्ष अपनी 16 सूत्री मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से अनशन पर बैठे भाकपा-माले (CPI-ML) नेताओं ने गुरुवार देर शाम अपना भूख-हड़ताल समाप्त कर दिया है। अंचलाधिकारी (CO) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) द्वारा 7 प्रमुख जन-समस्याओं पर लिखित और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अनशनकारियों ने यह निर्णय लिया।

भाकपा-माले के प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान और मालती पंचायत के उपसरपंच सुधांशू प्रियदर्शी पिछले तीन दिनों से यहां आमरण अनशन पर बैठे थे।
प्रशासन के साथ समझौते के मुख्य बिंदु
अधिकारियों के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद प्रशासन ने निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर लिखित सहमति जताई है:
- आवास योजना में पारदर्शिता: BDO ने भरोसा दिलाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में किसी भी गरीब का नाम नहीं छूटेगा। यदि ‘जीरो टैग’ के समय किसी पात्र गरीब परिवार का नाम छूट गया है, तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ‘मुख्यमंत्री आवास योजना’ से जोड़कर लाभ दिया जाएगा। प्रशासन जल्द ही पीएम आवास योजना की सूची को सार्वजनिक करेगा।
- दाखिल-खारिज में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस: अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज और परिमार्जन के नाम पर आम लोगों से घूस मांगने वाले बिचौलियों और कर्मचारियों पर सख्त नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि चिह्नित आरोपियों के खिलाफ लिखित आवेदन मिलने पर तुरंत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- पीएचईडी (PHED) जेई पर कार्रवाई: उजियारपुर पीएचईडी विभाग के जेई धनंजय कुमार के खिलाफ मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने का आश्वासन दिया गया है।
अनशन तुड़वाने के मौके पर ये रहे मौजूद
देर शाम अधिकारियों की मौजूदगी में जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया। इस अवसर पर भाकपा-माले के कई प्रमुख नेता और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
आवास योजना में धांधली और दाखिल-खारिज में भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकपा-माले की भूख-हड़ताल शुरू
मुख्य रूप से जिला स्थायी कमेटी के सदस्य फूलबाबू सिंह, प्रखंड कमेटी सदस्य शमीम मंसूरी, मो० उस्मान, पप्पू यादव, विजय कुमार राम, सुशील कुमार सिंह, नवीन प्रसाद सिंह, रामनारायण सिंह, फूलन देवी, गुलशन आरा, जंग बहादुर पॉल, मो० शकूर, भीम सहनी, छात्र नेता रोहित कुमार पासवान और मधुकर कुमार सहित भारी संख्या में आम लोग इस मौके पर मौजूद रहे। और पढ़ें



