उजियारपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र मूरियारो, अंगारघाट आदि स्थानों से होकर बहने वाली बूढ़ी गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। जिसके कारण तटबंद पर काफी दबाव बन रहा है और कई जगहों पर रिसाव होने की भी खबर सामने आई है।

रिसाव के खबर सुनते ही वहां के स्थानीय लोगों में बाढ़ को लेकर भय का माहौल बन गया है। रिसाव की जानकारी मिलने के बाद कई विभागीय अधिकारियों और स्थानीय लोगों की सहायता से रिसाव होने वाले जगहों पर बोरी में मिट्टी भर कर रिसाव को बंद किया गया।
मुरियारो दुर्गा स्थान चौक के पास में वार्ड संख्या 9 में शुक्रवार को तटबंध में रिसाव की जानकारी मिलने के बाद त्वरीत कारवाई करते हुए सीओ संजय कुमार महतो, अंगार घाट थानाध्यक्ष आफताब आलम आदि रिसाव वाले जगहों पर पहुंच कर तटबंधों का मरम्मत करवाया।
वहीं अंगार घाट गांव में लगभग 125 परिवारों का घर तटबंध के अंदर होने के कारण पूरी तरह डूब चुका है।यह लोग अपना घर छोड़कर तटबंध पर टेंट, झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। तटबंध पर रह रहे लोगों ने हो रही परेशानियों को लेकर सरकार से राहत की मांग की है।
सीओ संजय कुमार महतो ने अंगार घाट में तटबंध तथा बाढ़ पीड़ित का जायजा लिया एवं कर्मचारीयों को पीड़ित परिवारों की सूची तैयार करने के लिए कर्मचारियों को आदेश दिया है। मौके पर अधिकारियों के साथ माले नेता महावीर पोदार, अनवर अहमद मुन्ना, धर्मेंद्र कुमार लाला सहित कई लोग उपस्थित थे।