बिहार में अब बैंगलोर जैसी ‘इलेक्ट्रॉनिक सिटी’ और देश का तीसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट, जेपी सेतु के पार 9000 एकड़ में बनेगा नया शहर

पटना/सोनपुर: बिहार में विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना आकार ले रही है। राजधानी पटना के विस्तार और ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए अब गंगा पार एक नया और हाई-टेक शहर बसाने की तैयारी चल रही है।
दावा किया जा रहा है कि जेपी सेतु (Digha-Sonepur Bridge) पार करते ही छपरा की ओर एक ऐसा शहर विकसित होगा, जो बिल्कुल बैंगलोर की ‘इलेक्ट्रॉनिक सिटी’ जैसा दिखेगा।
सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उद्योग एवं सड़क निर्माण विभाग मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल का एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने बिहार के लोगों में विकास की एक नई उम्मीद जगा दी है।
क्या है वह बयान जो चर्चा में है?
डॉ दिलीप कुमार जायसवाल के द्वारा एक विजन पेश करते हुए कहा गया है, “सोनपुर यानि जेपी सेतु के बाद जो इलेक्ट्रॉनिक सिटी आप बैंगलोर में देख रहे है। 9000 एकड़ में जेपी सेतु के बाद जो छपरा के तरफ मुड़ते है सारी जमीन सरकार अक्वाइअर कर रही है। वहाँ पर साइबर सिटी, एलेक्ट्रॉनिक सिटी और वहीं पर 42 हजार फ्लैट और साथ साथ देश का तीसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट वहाँ भी बनने जा रही है। अब सोचिए पटना में एयरपोर्ट, बिहटा में एयरपोर्ट और गंगा क्रॉस किये तो देश का तीसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट ये सोच हमारी है।”
सरकार का क्या है पूरा प्लान?
- 9000 एकड़ में महा-अधिग्रहण और टाउनशिप: जेपी सेतु से छपरा की तरफ मुड़ने वाले इलाके (सोनपुर-परमानंदपुर-दिघवारा) में बड़े पैमाने पर जमीन चिह्नित की जा रही है। शुरुआत में 500 एकड़ में सैटेलाइट टाउनशिप बसाने की बात सामने आई थी, जिसे भविष्य में 9000 एकड़ के विशाल क्षेत्र में एक ‘साइबर और इलेक्ट्रॉनिक सिटी’ के रूप में विकसित करने का ब्लूप्रिंट है।
- बैंगलोर की तर्ज पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी: इस नए शहर में आईटी कंपनियों, स्टार्टअप्स और कॉरपोरेट दफ्तरों के लिए खास हब (साइबर सिटी) बनाया जाएगा, ताकि बिहार के युवाओं को राज्य में ही रोजगार मिल सके।
- 42 हजार फ्लैट्स का आवासीय प्रोजेक्ट: बढ़ती आबादी को देखते हुए इस टाउनशिप में लगभग 42,000 आधुनिक फ्लैट्स बनाने की योजना है, जिससे पटना शहर का आवासीय दबाव कम होगा।
- देश का तीसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट: इस विजन का सबसे बड़ा हिस्सा है ‘थ्री-एयरपोर्ट मॉडल’। यानी पटना में मौजूदा जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट, बिहटा में निर्माणाधीन नया एयरपोर्ट और गंगा पार करते ही सोनपुर/सारण इलाके में देश का तीसरा सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट।
बिहार के लिए इसके मायने
अगर यह योजना पूरी तरह धरातल पर उतरती है, तो यह बिहार के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगी। जेपी सेतु के समानांतर बन रहे नए 6-लेन केबल ब्रिज और जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के जुड़ने से पटना और सोनपुर/छपरा के बीच की दूरी महज कुछ मिनटों की रह जाएगी। ऐसे में यह नया हाई-टेक शहर बिहार को देश के प्रमुख आईटी और एविएशन हब के रूप में स्थापित कर सकता है। और पढ़ें



