सुपौल में बेखौफ अपराधी: एसएच-91 पर दिनदहाड़े युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, 4 राउंड फायरिंग कर फैलाई दहशत
बिहार के सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी सोमवार को भीमपुर थाना क्षेत्र में देखने को मिली। यहां के व्यस्त स्टेट हाईवे-91 (SH-91) पर बेलागंज के समीप दिनदहाड़े कार सवार हथियारबंद अपराधियों ने एक बाइक सवार युवक का अपहरण कर लिया।

अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए 4 राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। दिनदहाड़े और सरेआम हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टक्कर मारकर गिराया, फिर गन पॉइंट पर कार में लादा
अपहृत युवक की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड संख्या-13 निवासी खुर्शीद खान के 20 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जीशान खान के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, जिशान सोमवार को अपने पड़ोसी निराले खान की बाइक मांगकर जीवछपुर बाजार जा रहा था। इसी दौरान बेलागंज के पास एक लाल रंग की कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से जिशान सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार से उतरे हथियारबंद अपराधियों ने बंदूक लहराते हुए ताबड़तोड़ चार राउंड हवाई फायरिंग की। वारदात के दौरान कुछ ग्रामीणों ने साहस जुटाते हुए युवक को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे फायरिंग करते हुए युवक को जबरन अपनी कार में लादकर फरार हो गए।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका, खोखा बरामद
सरेआम अपहरण और फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सुपौल के एसपी शरथ आर. एस. और त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। देखते ही देखते पूरा घटनास्थल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
भीमपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद किया है और अपहृत युवक की बाइक को जब्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए जिले भर में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
क्या कहती है पुलिस?
सुपौल के एसपी शरथ आर. एस. के द्वारा घटना की पुष्टि करते हुए बताया गया है कि “हमें सूचना मिली है कि भीमपुर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति को चार पहिया वाहन में जबरन बैठाकर ले जाया गया है। इस दौरान फायरिंग होने की भी जानकारी मिली है। त्रिवेणीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन कर दिया गया है और युवक की सकुशल बरामदगी व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।”
एसएच-91 जैसे प्रमुख और व्यस्त मार्ग पर दिन के उजाले में हुई इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने अपहृत जिशान की सकुशल बरामदगी और अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाने की बड़ी चुनौती है।



