समस्तीपुर: रील बनाने के चक्कर में गई जान, बीआरबी कॉलेज के तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत
समस्तीपुर: सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने का शौक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। बिहार के समस्तीपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां बीआरबी कॉलेज (BRB College) परिसर के तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। छठ पूजा की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईंधारा मोहल्ले (वार्ड संख्या 40) के रहने वाले रामू दास के इकलौते पुत्र गोलू कुमार (16) के रूप में हुई है।
रील बनाने के दौरान बिगड़ा संतुलन
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह गोलू अपने चार दोस्तों के साथ मोहनपुर मोहल्ला स्थित बीआरबी कॉलेज घूमने गया था। इसी दौरान वह कॉलेज परिसर में मौजूद तालाब के किनारे चला गया और मोबाइल से रील बनाने लगा। रील शूट करने के चक्कर में वह पानी के काफी करीब पहुंच गया, जहां अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया।
दोस्तों में मची अफरातफरी
गोलू को गहरे पानी में डूबता देख उसके दोस्तों में हड़कंप मच गया। घबराए दोस्तों ने तुरंत इसकी सूचना गोलू के परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई।
SDRF ने 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ ने तुरंत तालाब में रेस्क्यू अभियान शुरू किया और लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका।
शव बाहर आते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने जताया दुख, प्रशासन पर उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही बिहार विधानसभा के पूर्व सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पूर्व विधायक ने कॉलेज प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “खुले तालाब के चारों ओर न तो कोई बाउंड्री है और न ही किसी प्रकार का कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।” उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में उचित कदम उठाने की मांग की है।




