भाकपा-माले ने दिवंगत नेता फुलेंद्र प्रसाद सिंह को दी श्रद्धांजलि, संघर्षों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
उजियारपुर भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता और पूर्व पंचायत समिति सदस्य फुलेंद्र प्रसाद सिंह के निधन पर पार्टी ने उन्हें गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उजियारपुर प्रखंड के भगवानपुर देसुआ पंचायत स्थित उनके पैतृक आवास पर शनिवार को एक स्मृति और संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव उमेश कुमार ने दिवंगत नेता को एक अजेय और संघर्षशील योद्धा बताया। उन्होंने कहा, “फुलेंद्र प्रसाद सिंह केवल भाकपा-माले के नेता नहीं थे, बल्कि उन्होंने उजियारपुर के गांव-गांव में संगठन के विस्तार में अग्रणी भूमिका निभाई। उनके निधन से पार्टी और गरीबों ने अपना एक बड़ा और सच्चा हितैषी खो दिया है।” कुमार ने आगे कहा कि उनके अधूरे सपनों और संघर्षों को ताकत देकर उन्हें साकार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
भाकपा-माले जिला स्थायी कमेटी के सदस्य फूलबाबू सिंह ने सरकार की दमनकारी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा, “गरीबों के अधिकारों के लिए लड़कर जीत हासिल करने की जो परंपरा फुलेंद्र जी ने स्थापित की थी, उसे आगे बढ़ाना ही उनके प्रति हमारा सबसे बड़ा सम्मान होगा। पार्टी इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगी।”
वहीं, किसान महासभा के जिला अध्यक्ष महावीर पोद्दार ने कहा कि यद्यपि उनके प्रिय नेता अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन किसान और मजदूरों के हित में उनका संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं, जिनमें जिला कमेटी सदस्य अनिल कुमार चौधरी, उपेन्द्र राय, फिरोजा बेगम, जीबछ पासवान, दिलीप कुमार राय, मो. कमालुद्दीन, मो. उस्मान, राम भरोस राय, तनंजय प्रकाश, सुधांशु प्रियदर्शी, फुलन देवी, आनंद सिंह, हेमंत कुमार सिंह, देवराज सिंह, नंदकिशोर राय, भीम सहनी, रामकृपाल राय, राम सुदीन सिंह, मो. सकूर, मो. अलाउद्दीन, मो. सलीम, नरेश पासवान, रामसगुन सिंह, विजय कुमार राम, रायबहादुर सहनी और राम प्रसाद सिंह शामिल थे, ने भी दिवंगत नेता के अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया।




