समस्तीपुर में लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती और आयरन लेडी इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर चौक स्थित इंदिरा स्मारक परिसर में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा देश के पहले गृह मंत्री ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सह पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम इंदिरा स्मारक कमिटी, विशनपुर के तत्वावधान में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष एवं वरीय कांग्रेस नेता ठाकुर मनोज भारद्वाज ने की। मंच का सफल संचालन कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर द्वारा किया गया।
इंदिरा गांधी का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा: मेयर अनीता राम
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम ने दोनों महान विभूतियों को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी केवल भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री ही नहीं थीं, बल्कि एक अत्यंत सशक्त और दृढ़ निश्चयी नेता थीं। ‘आयरन लेडी’ के रूप में विख्यात इंदिरा जी ने 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को पराजित कर बांग्लादेश का निर्माण कराया।
इसके अलावा, बैंकों का राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्ति और हरित क्रांति जैसे उनके ऐतिहासिक फैसले मील का पत्थर साबित हुए। मेयर ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए उनके द्वारा दिए गए बलिदान को यह देश कभी नहीं भूलेगा।
सरदार पटेल ने किया था अखंड भारत का निर्माण
अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा और इंदिरा स्मारक कमिटी के अध्यक्ष ठाकुर मनोज भारद्वाज ने लौह पुरुष को याद करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देश की 562 छोटी-बड़ी रियासतों को एकीकृत कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके इसी अद्वितीय योगदान के कारण उन्हें ‘लौह पुरुष’ और ‘भारत का बिस्मार्क’ कहा जाता है। वे देश की एकता और अखंडता के सच्चे प्रतीक हैं, इसीलिए उनकी जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी उपस्थित अतिथियों और गणमान्य लोगों ने दोनों महान नेताओं की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा, इंदिरा स्मारक कमेटी अध्यक्ष ठाकुर मनोज भारद्वाज, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, कांग्रेस नेत्री देविता देवी गुप्ता, जिला राजद सचिव जयलाल राय, कांग्रेस के वरीय नेता बच्चा बाबू गिरी, कांग्रेस नेता रामविलास राय, विश्वनाथ हजारी, परमानंद मिश्र, सूरज राम, अधिवक्ता उपेंद्रनाथ तिवारी, रामनारायण शर्मा, विनोद कुशवाहा, मोहम्मद वसीर अहमद, डॉ. मदन मोहन ठाकुर, राजद महासचिव मनोज कुमार राय, रामबाबू राय, शिवशंकर राय और भरत साह सहित कई अन्य स्थानीय लोग व कार्यकर्ता मौजूद थे।




