समस्तीपुर: पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, फ्लिपकार्ट लूट मामले में कुख्यात मनीष सिंह को लगी गोली
समस्तीपुर जिले मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर में गुरुवार देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटना हुई। इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इस कार्रवाई में घायल मनीष सिंह समेत कुल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, अस्पताल में पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच मनीष का इलाज चल रहा है।

समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार, चार दिन पहले एक फ्लिपकार्ट स्टोर में लूट की वारदात हुई थी। इसी लूट के मामले को लेकर पुलिस और एसटीएफ (STF) की टीम छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को यह सूचना मिली कि कुछ अपराधी किसी नई वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इस गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में कुख्यात मनीष को गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, मनीष एक शातिर अपराधी है और उस पर लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 28 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।




