उजियारपुर: आग से राख हुए आशियाने में राजू सहनी ने जलाई उम्मीद की किरण, छठ पर्व पर बांटी राहत सामग्री, स्थानीय विधायक पर कसा तंज
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र से मानवता और सामाजिक सहयोग की एक बेहतरीन मिसाल सामने आई है। लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 13 में आगजनी का शिकार हुए एक गरीब परिवार की मदद के लिए समाजसेवी राजू सहनी आगे आए हैं। अपना सब कुछ गंवा चुके इस बेबस परिवार को उन्होंने राशन, कपड़े और बर्तन सहित कई आवश्यक घरेलू सामग्रियां उपलब्ध कराई हैं।

शॉर्ट सर्किट से राख हुआ था आशियाना
ज्ञात हो कि बीते 9 नवंबर को बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण राजेन्द्र पासवान के घर में अचानक भीषण आग लग गई थी। इस अगलगी की घटना में घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया था, जिससे परिवार को भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान का सामना करना पड़ा।
छठ के ‘नहाय खाय’ पर बांटी राहत सामग्री
राजू सहनी ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व के नहाय खाय के पावन अवसर पर उन्होंने इस पीड़ित परिवार की मदद करने का निर्णय लिया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने पीड़ित परिवार को राशन, बर्तन, पहनने के कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री प्रदान की। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी अपील की कि यदि सभी लोग थोड़ी-थोड़ी मदद करें, तो इस गरीब परिवार के घर में भी खुशहाली का दीपक जल सकता है।
स्थानीय विधायक आलोक कुमार मेहता पर साधा निशाना
राहत सामग्री वितरण के दौरान जब राजू सहनी से स्थानीय विधायक की अनदेखी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने विधायक पर तीखा प्रहार किया। राजू सहनी ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि क्षेत्रीय विधायक आलोक कुमार मेहता एक जगह पीडिता की मदद करने गए थे और अपना परिचय देकर महज दो किलो चूड़ा (पोहा) देकर औपचारिकता पूरी की थी।
राजू सहनी ने ऐसे नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग एक-दो किलो चावल, चूड़ा या मीठा देकर सिर्फ अपना नाम चमकाने आते हैं, जबकि सच्ची समाज सेवा के लिए दिखावा नहीं, बल्कि मन में निस्वार्थ भावना और समाज के प्रति जागरूकता होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
मौके पर मौजूद संगीता देवी, बिलट पासवान, सुरेन्द्र पासवान, लाल बाबू पासवान, पिंटु यादव, सीमा राम राय सहित दर्जनों ग्रामीणों ने राजू सहनी के इस कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना है कि मुसीबत की घड़ी में बेसहारा और जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना ही सच्ची समाज सेवा है और राजू सहनी का यह कदम क्षेत्र में मानवता का एक सराहनीय उदाहरण है।




