एक दीया अमर स्वतंत्रता सेनानी के नाम: समस्तीपुर विकास मंच ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
दीपावली के पावन अवसर पर समस्तीपुर विकास मंच के तत्वावधान में “एक दीया अमर स्वतंत्रता सेनानी के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर (वार्ड संख्या-01) स्थित स्मृति शेष नवल ठाकुर जी भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में आजादी के महान योद्धा नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात् सभी ने एक-एक दीप प्रज्वलित कर देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि दी।
इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता समस्तीपुर विकास मंच के संयोजक राकेश कुमार ठाकुर ने की, जबकि मंच संचालन अराजपत्रित कर्मचारी संघ (गोप गुट) के जिला मंत्री अजय कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी सह उत्कर्ष बैंक के वरीय प्रबंधक रवि आनंद द्वारा किया गया।
“आजादी की रोशनी शहीदों के त्याग का परिणाम”
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए संयोजक राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि दीपावली सिर्फ घरों में दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह उन महापुरुषों को याद करने का भी पर्व है जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम आजादी की रोशनी में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” का नारा देकर देशवासियों के भीतर देश के लिए मर-मिटने का जज्बा पैदा किया था। आज की पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
समाज को दिया गया एक खास संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि जिस तरह एक छोटा सा दीया घने अंधेरे को मिटा देता है, उसी तरह एक सकारात्मक और अच्छा विचार समाज से अज्ञानता और नफरत को दूर कर सकता है। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि सच्ची दीपावली वही है जब हम एक दीया अपने घर के लिए, एक दीया अपने समाज के लिए और एक दीया उन अमर शहीदों के नाम जलाएं।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस श्रद्धांजलि सभा में समस्तीपुर विकास मंच के संयोजक राकेश कुमार ठाकुर और अजय कुमार के अलावा समाजसेवी मोहम्मद परवेज आलम, मनोज कुमार राय, मनोज पटेल, शिक्षाविद प्रोफेसर डॉ. रजनीश कुशवाहा, शिक्षाविद प्रमोद कुमार उर्फ सुभाष कंठ, सोनू कुमार, साकेत कुमार और कृष्णा कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग, ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे।




