ताजपुर के रहीमाबाद में एक दिन पहले से लापता 11 वर्षीय बालक का गला काटकर हुई हत्या
समस्तीपुर जिलें के बंगरा थाना क्षेत्र के रहीमाबाद वार्ड संख्या 2 निवासी मंटू साह के 11 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार की गला काटकर हत्या कर दी गई। बालक बुधवार से ही अपने घर से लापता था। जिसके बाद गुरुवार की सुबह जब कुछ लोग अपने खेत की ओर गए तो उस बालक का शव मिला। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर काफी भीड़ उमड़ पड़ी।

घटना के बारे में परिजनों के अनुसार बताया गया है कि आयुष कुमार बुधवार की दोपहर स्कूल से आने के बाद घर के सामने वाले दोस्त के साथ मछली मारने गया था। उसके बाद वह वापस घर लौटकर नहीं आया। काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार को थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया।
इस बीच घटनास्थल की ओर खेत देखने जा रहे गांव के लोगों ने गड्ढे में उक्त छात्र का शव देखकर शोर मचाने लगा। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही बंगरा पुलिस उक्त स्थल पर पहुंच शव को उठा रही थी जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। शक के आधार पर पुलिस ने उसके घर के सामने के घर से उसके 15 वर्षीय दोस्त किशोर और उसकी माँ को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
पुलिस ने उसके घर से खून से सना कपड़ा एवं चाकू बरामद किया है। इसकी जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण उसके घर में घुस गए और उसकी मां को ईंट व लाठी से पिटाई करने लगे। उसकी मां को बचाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में उसकी मां को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। स्थिति को बिगड़ता देख बंगरा के अलावा ताजपुर, पूसा, मुसरीघराड़ी, मुफस्सिल, कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस पहुंच कर स्थिति को संभालने में कामयाब हुई।
पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों को शांत करा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। एफएसएल की टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किया। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए आधा दर्जन पुलिस गांव में तैनात कर दिया गया है। वहीं पुलिस के द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच कि जा रही है एवं इस कांड का उद्भेदन जल्द ही संभव है।