दलसिंहसराय में आज गृहमंत्री अमित शाह, प्रशांत पंकज के लिए करेंगे चुनावी सभा को संबोधित
उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दलसिंहसराय में आज 1 नवंबर 2025 को गृहमंत्री अमित शाह अपने NDA के उम्मीदवार प्रशांत कुमार पंकज के लिए दिन के 1 बजे से बाजार समिति मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं प्रशांत पंकज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि उजियारपुर विधानसभा में एनडीए की पांचों पार्टियां मजबूती के साथ एकजुट है।

चुनाव को लेकर घर-घर जाकर सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, नित्यानंद आदि नेताओं पर विश्वास करने वाले भाजपा के लोग पूरे समर्थन और समर्पण के साथ हमारे साथ हैं। उन्होंने बताया आज शनिवार को दलसिंहसराय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आगमन होने जा रहा है।
इस दौरान शहर के बाजार समिति मैदान में उनके द्वारा आम सभा को संबोधित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने आम लोगों से आम सभा में भारी संख्या में भाग लेने की अपील की है। आम सभा की तैयारी जोर शोर से चल रही है जिसमें NDA के सभी कार्यकर्ता व नेता उपस्थित रहेंगे।
आम सभा स्थल का निरीक्षण कन्नौज से भाजपा के सांसद सुब्रत पाठक, भाजपा के जिलाध्यक्ष शशिधर झा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गीता देवी, एसडीओ किशन कुमार, एसडीपीओ विवेक शर्मा सहित अन्य के द्वारा किया गया।
इधर वारिसनगर जाने के क्रम में स्थानीय डैनी चौक पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए प्रत्याशी प्रशांत पंकज को जीत का माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। साथ ही स्वागत में पूर्व से खड़े लोगों व कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए एनडीए के पक्ष में मतदान करने का अपील की है।




