समस्तीपुर में शराब की तलाश में गई पुलिस के उड़े होश, झोपड़ी से बरामद हुए करीब 44 लाख रुपये
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस को एक अजीबोगरीब कामयाबी हाथ लगी है। यहां पुलिस की टीम शराब माफिया पर नकेल कसने के इरादे से छापेमारी करने गई थी, लेकिन मौके से शराब तो नहीं मिली, अलबत्ता एक झोले में नोटों का इतना बड़ा जखीरा मिला कि पुलिसकर्मी भी दंग रह गए।

मामला चकमहेसी थाना क्षेत्र के सैदपुर बाजार समिति के पास का है, जहां एक झोपड़ी से पुलिस ने करीब 44 लाख रुपये कैश बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, चकमहेसी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सैदपुर बाजार समिति के पास कृष्ण कुमार पिता- रामजी राय के एक झोपड़ी में अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। इस सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार की शाम वहां छापेमारी की।

पुलिस ने जब झोपड़ी की तलाशी लेनी शुरू की, तो घर के एक कोने में रखे कार्टन पर उनकी नजर पड़ी। जब उस कार्टन को खोला गया, तो उसमें चायपत्ती का एक झोला मिला। पुलिस ने जब झोले को खोला, तो उसमें 500-500 के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं।
मजिस्ट्रेट की निगरानी में हुई गिनती
इतनी बड़ी रकम मिलने की सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में नोटों की गिनती शुरू हुई। गिनती पूरी होने पर पता चला कि झोले में कुल 43 लाख 94 हजार 500 रुपये थे।
गृहस्वामी फरार, परिजनों ने दी सफाई
छापेमारी की भनक लगते ही संदिग्ध गृहस्वामी कृष्ण कुमार मौके से फरार हो गया। हालांकि, बाद में कृष्ण कुमार एवं उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि यह पैसा उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर हासिल किया है और वे जल्द ही इसके दस्तावेज पेश करेंगे।
आयकर विभाग करेगा जांच
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि पुलिस शराब की बरामदगी के लिए गई थी, लेकिन वहां से भारी मात्रा में कैश मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग (Income Tax Department) को सूचित कर दिया गया है। अब आयकर विभाग की टीम ही पैसों के स्रोत की जांच करेगी और आगे की कार्रवाई करेगी। और पढ़ें।



