समस्तीपुर में विकास योजनाओं की समीक्षा: परिवहन मंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, उठा वेंटिलेटर, जर्जर सड़कों और ‘वंदे मातरम’ के अपमान का मुद्दा
समस्तीपुर: कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को बिहार के परिवहन मंत्री और समस्तीपुर जिले के प्रभारी मंत्री दामोदर रावत की अध्यक्षता में ‘जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति’ की अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक सुनिश्चित किया जाए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण व आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, बिजली, पेयजल, पंचायती राज और समाज कल्याण समेत कई विभागों के कार्यों की प्रगति जांची गई। मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी योजना में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सीधे तौर पर जवाबदेही तय की जाएगी। पूर्ण हो चुकी योजनाओं के नियमित स्थलीय निरीक्षण पर भी जोर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने प्रमुखता से उठाए जनहित के मुद्दे
बैठक में मौजूद सांसद, विधायक, विधान पार्षद, मेयर और जिला परिषद अध्यक्ष ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं मंच पर रखीं। इनमें मुख्य रूप से जलजमाव, सड़क मरम्मत, बिजली आपूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
जिलाधिकारी (DM) रोशन कुशवाहा ने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों और मंत्री के निर्देशों के अनुरूप संबंधित विभागों द्वारा त्वरित व नियमसंगत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रस्तुत की, जिस पर मंत्री ने पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर आम लोगों को सुरक्षित वातावरण देने की बात कही।
उजियारपुर थानाध्यक्ष पर ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप, कार्रवाई की मांग
बैठक के दौरान एक गंभीर मुद्दा भी उठा। समिति के उपाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार कुशवाहा ने उजियारपुर थानाध्यक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने ‘वंदे मातरम’ गीत के दौरान जान-बूझकर इसका अपमान किया है। उन्होंने इस कृत्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सभा में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस मांग का पुरजोर समर्थन किया और चेतावनी दी कि अगर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे लोग थाने का घेराव भी करेंगे।
सदर अस्पताल में 5 वेंटिलेटर मौजूद, लेकिन टेक्नीशियन नदारद
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार ने एक बड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि समस्तीपुर सदर अस्पताल में 5 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं, लेकिन तकनीकी कर्मचारियों (टेक्नीशियन) की कमी के कारण उनका संचालन नहीं हो पा रहा है। मरीजों के हित को देखते हुए उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द 5 टेक्नीशियन उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा, विधायक ने निर्माणाधीन ‘पंचायत सरकार भवनों’ में गुणवत्ता की कमी का मुद्दा भी उठाया और मानकों के अनुसार निर्माण सुनिश्चित करने की अपील की।
छठ महापर्व से पहले दुरुस्त होंगी जर्जर सड़कें
स्थानीय विधान पार्षद (MLC) डॉ. तरुण कुमार चौधरी के आग्रह पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी छठ महापर्व से पहले जिले की सभी जर्जर सड़कों की मरम्मती का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही, शहर में गंडक नदी के दोनों किनारों (बांध के बीच) स्थित सरकारी जमीन को चिह्नित करने के भी निर्देश दिए गए।
पेंशन और राशन कार्ड के लिए लगेंगे कैंप
बैठक में केवाईसी (KYC) के कारण लंबित पेंशन भुगतान और राशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया में हो रही देरी का मामला भी गूंजा। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को विशेष कैंप लगाकर इन समस्याओं का शीघ्र निष्पादन करने और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की बैठक में सांसद शांभवी चौधरी, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार चौधरी, विधायक वीरेंद्र कुमार, राजकुमार राय, अजय कुमार, अश्वमेघ देवी, मेयर अनीता राम सहित डीएम, एसपी, डीडीसी और अन्य सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।



