समस्तीपुर: उजियारपुर पिस्टल के साथ वायरल वीडियो मामले में एक्शन में पुलिस, साइबर थाने को सौंपी गई जांच
उजियारपुर (समस्तीपुर): उजियारपुर हनुमान मंदिर में चोरी और उसके बाद इंस्टाग्राम पर पिस्टल लहराकर पुजारी व मीडिया को धमकी देने के मामले में पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उजियारपुर थाना पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया है।

साइबर सेल खंगाल रही इंस्टाग्राम अकाउंट
‘उजियारपुर न्यूज़’ की टीम ने आज इस पूरे मामले को लेकर उजियारपुर के थानाध्यक्ष (SHO) शिव कुमार यादव से खास मुलाकात की। थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ वायरल हो रहे एक लड़के के वीडियो को पुलिस ने संज्ञान में लिया है और इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिस इंस्टाग्राम अकाउंट (amit_baap_ji) से यह धमकी भरा वीडियो अपलोड किया गया था, उसकी तकनीकी और गहन जांच के लिए मामले को ‘साइबर थाना’ (Cyber Police Station) के पास भेज दिया गया है। साइबर सेल इस अकाउंट के आईपी एड्रेस (IP Address) और लोकेशन को ट्रेस कर रही है।
हथियार लहराने और गाली-गलौज पर होगी सख्त कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि साइबर पुलिस की जांच पूरी होते ही, इंस्टाग्राम पर खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करने वाले और मीडिया पेज (उजियारपुर न्यूज़) तथा पुजारी के साथ गाली-गलौज व धमकी देने वाले व्यक्ति पर उचित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हथियारों का इस तरह से प्रदर्शन आर्म्स एक्ट और साइबर अपराध की श्रेणी में आता है, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग, एक व्यक्ति की हुई पहचान
इस मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता भी हाथ लगी है। वायरल वीडियो और इंस्टाग्राम लाइव चैट में शामिल 4 लोगों में से एक व्यक्ति के बारे में पुलिस को पुख्ता जानकारी मिल गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, इसी जानकारी के आधार पर आगे की तफ्तीश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरी घटना में शामिल सभी अपराधियों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्या था पूरा मामला?
ज्ञात हो कि हाल ही में उजियारपुर बाजार स्थित हनुमान मंदिर से बदमाशों ने चांदी की मूर्तियां चुरा ली थीं। जब इस घटना का वीडियो बनाकर उजियारपुर न्यूज चैनल पर चलाई गई, तो अपराधियों ने इंस्टाग्राम के माध्यम से वॉयस मैसेज रिकार्ड करके उजियारपुर न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर मंदिर के पुजारी को गालियां दीं और फिर उजियारपुर न्यूज को वीडियो चैट में जॉइन कर धमकाने का प्रयास किया गया था।
साथ ही दहशत फैलाने के उद्देश्य से उस अकाउंट पर पिस्टल के साथ रंगदारी वाले गाने पर वीडियो बना कर स्टोरी में लगाया गया था। जिसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग करके पुलिस को भेज दी गई थी। अब पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।



