शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर समस्तीपुर विकास मंच ने दी श्रद्धांजलि, स्मारक पार्क की दुर्दशा पर जताया कड़ा रोष
शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सोमवार को ‘समस्तीपुर विकास मंच’ के तत्वावधान में शहर के मगरदही घाट स्थित शहीद भगत सिंह स्मारक पर पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर शहर के गणमान्य लोगों ने अमर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए, लेकिन स्मारक परिसर की बदहाली और गंदगी को देखकर उन्होंने गहरी चिंता और नाराजगी भी व्यक्त की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समस्तीपुर विकास मंच के जिला संयोजक सह जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने की। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी व अधिवक्ता मो. शाहिद हुसैन ने किया, जबकि विषय प्रवेश कांग्रेस नेता सह समाजसेवी विश्वनाथ हजारी ने कराया।
23 साल की उम्र में देश के लिए दी जान: राकेश ठाकुर
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि भगत सिंह का जन्म 28 सितम्बर 1907 को हुआ था। मात्र 23 साल की अल्पायु में उन्होंने मातृभूमि के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उन्होंने नौजवान भारत सभा और हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन की स्थापना कर देश के युवाओं में आजादी की अलख जगाई थी। लाला लाजपत राय की मौत का बदला लेने के लिए सांडर्स वध और असेंबली में बम फेंकने जैसी साहसिक घटनाओं ने उन्हें हर भारतीय नौजवान का हीरो बना दिया। श्री ठाकुर ने कहा कि भगत सिंह का स्पष्ट विचार था कि आजादी सिर्फ अंग्रेजों से मुक्ति का नाम नहीं है, बल्कि गरीब, किसान और मजदूरों को शोषण से मुक्ति दिलाना ही सच्ची आजादी है।
कूड़े-कचरे से अटा है स्मारक परिसर, प्रशासन से की मांग
स्मारक की दुर्दशा पर क्षोभ प्रकट करते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि यह बड़े दुख और शर्म की बात है कि शहर स्थित जिस स्मारक पर हम अपने महापुरुषों को नमन करने आते हैं, वहां साफ-सफाई की घोर कमी है। पूरा पार्क कूड़े-कचरे से भरा पड़ा है। रख-रखाव के अभाव में स्मारक की गरिमा धूमिल हो रही है।
उन्होंने समस्तीपुर प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि स्मारक पार्क की तत्काल और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन समस्तीपुर विकास मंच के नगर संयोजक सह जिला राजद महासचिव मनोज कुमार राय ने किया।
ये रहे मौजूद:
इस अवसर पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामविनोद पासवान, रेलवे ट्रेड यूनियन नेता एस.के. निराला, समाजसेवी मो. असगर हमीद अंसारी, राजेश कुमार साह, ई. राजेश कुमार, ई. पंकज कुमार, उत्कर्ष बैंक के वरीय प्रबंधक रवि आनंद, व्यवसायी हरेन्द्र कुमार, मातृवन्दन फाउंडेशन के सदस्य केशव कुमार सोनू, समस्तीपुर विकास मंच के सदस्य सह जिला राजद सचिव जयलाल राय, लियाफ़ी के सचिव प्रमोद कुमार पप्पू और डा. रामपुकार सिंह सहित शहर के कई गणमान्य लोग व युवा उपस्थित थे।



