उजियारपुर: दिवाली के दिन भीषण सड़क हादसा: चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक होने पर चाचा पटना रेफर
उजियारपुर/समस्तीपुर: रोशनी का त्योहार दिवाली सूरजपुर के एक परिवार के लिए उस वक्त त्रासदी में बदल गया, जब रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में चाचा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में चाचा की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

हवा में 5 मीटर दूर जा गिरा बुलेट सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। उजियारपुर प्रखण्ड के लखनीपुर-महेशपट्टी पंचायत अंतर्गत खरतूहा टोल स्थित मोरीडीह हाट पर बाइक और ठेले के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार व्यक्ति हवा में उछलते हुए लगभग 5 मीटर दूर जाकर गिरा। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार चाचा-भतीजा बुरी तरह घायल हो गए।
घायलों की पहचान सूरजपुर के वार्ड संख्या-6 निवासी तरुण कुमार (चाचा) और उनके भतीजे राजू कुमार के रूप में हुई है। हादसे में राजू कुमार का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि तरुण कुमार को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
10वीं के छात्र और स्थानीय युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच, लखनीपुर-महेशपट्टी निवासी और 10वीं कक्षा के छात्र मो. हम्माद ने गजब की सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। छात्र ने बिना समय गंवाए पुलिस प्रशासन और एंबुलेंस को फोन कर घटना की सूचना दी।
वहीं, स्थानीय निवासी राहुल राय, विक्रम पासवान, अनिल सहनी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
यातायात कराया गया बहाल, सड़क सुरक्षा की उठी मांग
घटना के संबंध में उजियारपुर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही ‘डायल 112’ की टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सड़क से हटाकर बाधित यातायात को फिर से सुचारू रूप से बहाल कर दिया।
इस घटना से पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। वहीं दूसरी ओर, क्षेत्र के लोग 10वीं के छात्र मो. हम्माद, राहुल राय और अन्य स्थानीय युवाओं की तत्परता व मदद की भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




