समस्तीपुर: जदयू का ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ 24 को, उजियारपुर में तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक
उजियारपुर (समस्तीपुर) | बिहार में ‘जंगल राज से सुशासन की ओर’ के ऐतिहासिक सफर और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा 24 नवंबर को ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उजियारपुर प्रखंड में बुधवार (18 नवंबर 2026) को जदयू कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

उजियारपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों— भगवानपुर कमला, सातनपुर, करिहारा, बेलामेघ, परोरिया और बैकुंठपुर ब्रह्न्डा में पंचायत अध्यक्षों की अध्यक्षता में ये विशेष बैठकें की गईं। प्रखंड अध्यक्ष श्री प्रमोद मिलिन्द के नेतृत्व में आयोजित इन बैठकों में पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और 24 नवंबर के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
यू.एन. पैलेस मोहनपुर में होगा मुख्य कार्यक्रम
बैठक में जानकारी दी गई कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर को दिन के 11 बजे से समस्तीपुर के मोहनपुर स्थित यू.एन. पैलेस में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ जिले के माननीय सांसद, वर्तमान व पूर्व विधायक और प्रदेश के अन्य कार्यक्रम प्रभारी व पदाधिकारी भी मंच साझा करेंगे।
क्या है ‘सुशासन दिवस’ और ‘नीतीश संवाद’?
24 नवंबर 2005 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य में विकास और सुशासन की नींव रखी थी। सत्ता में मुख्यमंत्री के 20 साल पूरे होने (दो दशक) के उपलक्ष्य में जदयू पूरे बिहार में इसे ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मना रहा है।इस मेगा प्लान के तहत जदयू द्वारा प्रदेश भर में ‘नीतीश संवाद’ का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है (17 से 22 नवंबर तक पंचायत व प्रखंड स्तर पर परिचर्चा)।
इस संवाद का मुख्य उद्देश्य सरकार की ‘ट्रिपल सी’ (क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म) पर जीरो टॉलरेंस की नीति, न्याय के साथ विकास, महिला सशक्तिकरण और शराबबंदी जैसे बड़े सामाजिक बदलावों पर जनता के साथ सीधे चर्चा करना है। इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के लिए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को विशेष रूप से समस्तीपुर जिले का जिम्मा सौंपा गया है।
कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह
उजियारपुर में आयोजित आज की तैयारी बैठक में पंचायत और वार्ड स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष के अलावा जदयू के कर्मठ कार्यकर्ता धर्म देव सिंह, जगदीश सिंह, वरुण साह, रघुनाथ पंडित, महाकाल राय, कैलाश राय, रणधीर कुमार राय, मो. आजाद, अरविन्द सिंह, सुमन कुमार सुमन, विकाश कुमार राय, राकेश कुमार, मुकेश राय, जय नारायण राय, अमित कुमार, रंजीत राय, राम बाबू राय सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



