उजियारपुर: सड़क पर मौत बनकर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, बाल-बाल बचे लोग; ग्रामीणों की जान से खिलवाड़ कर रहे बिजली विभाग के लापरवाह जेई
उजियारपुर (समस्तीपुर): समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत गांवपुर पंचायत के वार्ड संख्या 04 (छतवाड़ी) एवं बेलारी वार्ड संख्या 13 में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया, जब बेलारी से गांवपुर जाने वाली मुख्य सड़क के बीचों-बीच 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिर पड़ा।

गनीमत रही कि इस खौफनाक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने उजियारपुर बिजली विभाग और विशेषकर यहां के कनीय अभियंता (जेई) की घोर लापरवाही, अकर्मण्यता और संवेदनहीनता की पोल खोल कर रख दी है।
सड़क पर 10 मिनट तक चलता रहा मौत का तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही 11 हजार वोल्ट का चालू तार सड़क पर गिरा, जोरदार धमाके के साथ भीषण चिंगारियां फूटने लगीं। तार में दौड़ते मौत के करंट का खौफ ऐसा था कि सड़क पर मौजूद अलकतरा (डामर) तक पिघल कर धू-धू कर जलने लगा। करीब 10 मिनट तक सड़क पर मौत का यह तांडव चलता रहा।

मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे। किसी तरह अपनी जान पर खेलकर लोगों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और मवेशियों को वहां से हटाया। घटना के करीब 10 मिनट बाद जब स्थानीय लोगों ने फोन कर बिजली मिस्त्री को सूचना दी, तब जाकर लाइन काटी गई और लोगों की अटकी हुई सांस में सांस आई।
जेई पर तीखा प्रहार: क्या किसी की लाश गिरने का इंतजार कर रहे हैं कनीय अभियंता?
इस पूरी घटना में उजियारपुर बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेई) का रवैया किसी ‘तानाशाह’ और ‘गैर-जिम्मेदार’ अफसर से कम नहीं रहा। एक तरफ जनता मौत के साए में कांप रही थी और दूसरी तरफ जेई महोदय अपनी कुंभकर्णी नींद में मस्त थे। हद तो तब हो गई जब सड़क की मुख्य क्रॉसिंग पर मिस्त्री द्वारा दोबारा जॉइंट (जोड़) वाला तार लगा कर 11 हजार वोल्ट की लाइन चालू करने का प्रयास किया गया।
सड़क पार करने वाली जगह पर जॉइंट वाला तार खिंचवाना इस बात का सीधा और शर्मनाक प्रमाण है कि उजियारपुर के जेई जानबूझकर लोगों की जिंदगी के साथ खूनी खेल खेल रहे हैं। क्या जनता के टैक्स से वेतन लेने वाले इस कनीय अभियंता को इंसानी जान की कोई कीमत नहीं पता? जब इस भयंकर लापरवाही के संदर्भ में ‘उजियारपुर न्यूज’ द्वारा जेई को फोन कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझा। उनकी यह चुप्पी साबित करती है कि उन्हें न तो अपनी जिम्मेदारी का अहसास है और न ही जनता की जान की कोई परवाह।
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, दी चेतावनी
खौफनाक मंजर बयां करते हुए स्थानीय महिला रूबी देवी ने बताया कि आज हम लोग बाल-बाल बच गए, वरना बिजली विभाग की इस लापरवाही से हम सबकी मौत पक्की थी। जब मिस्त्री बिना सेफ्टी जाली (सुरक्षा नेट) के तार जोड़ने आया, तो हम लोगों ने साफ मना कर दिया क्योंकि इससे दोबारा ऐसा जानलेवा हादसा हो सकता है।
वहीं, स्थानीय कोचिंग संचालक संजीत कुमार ने बताया कि जब इस बाबत जेई से बात की गई, तो उन्होंने बेहद गैर-जिम्मेदाराना ढंग से कह दिया कि “3 दिनों में जाली लगवाया जाएगा।” ग्रामीणों का कहना है कि इस लापरवाह जेई के खोखले वादों पर उन्हें रत्ती भर भी भरोसा नहीं है। ग्रामीणों की मांग है कि उन्हें जाली लगवाने का लिखित आश्वासन दिया जाए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि फिलहाल तार जोड़ने दिया जा रहा है, लेकिन अगर जेई की लापरवाही से भविष्य में जान-माल की कोई क्षति होती है या दोबारा ऐसी घटना घटती है, तो वे उग्र सड़क जाम करेंगे और इस लापरवाह जेई को किसी कीमत पर बख्शने वाले नहीं हैं।
सहायक अभियंता से की गई शिकायत
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय समाजसेवी गंगा प्रसाद पासवान, राहुल राय, रोहित कुमार सहित कई अन्य लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। समाजसेवियों और ग्रामीणों ने तुरंत एक लिखित आवेदन के माध्यम से समस्तीपुर बिजली विभाग के सहायक अभियंता (एई) को पूरी घटना से अवगत कराया है और अविलंब उस जगह पर सेफ्टी नेट लगवाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि उच्च अधिकारी इस बेलगाम और लापरवाह कनीय अभियंता पर क्या नकेल कसते हैं, या फिर उजियारपुर की जनता को यूं ही मौत के साए में जीने के लिए छोड़ दिया जाता है।



