धरहरा में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर बुजुर्ग आरटीआई कार्यकर्ता पर हमला, प्रखंड कार्यालय परिसर में दिनदहाड़े मारपीट
धरहरा (मुंगेर): प्रखंड कार्यालय जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर में एक 61 वर्षीय वरिष्ठ आरटीआई (सूचना का अधिकार) कार्यकर्ता के साथ दिनदहाड़े रास्ता रोककर मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित लगातार क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाते रहे हैं, ऐसे में उन पर हुए इस अचानक हमले ने स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित ने धरहरा थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित की पहचान धरहरा दक्षिण पंचायत के उत्तर टोला निवासी स्व. राजेन्द्र प्रसाद के पुत्र श्याम मुरारी प्रसाद (61 वर्ष) के रूप में हुई है। क्षेत्र में एक सक्रिय आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाने वाले श्याम मुरारी प्रसाद भ्रष्टाचार के मुद्दों को उजागर करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 19 नवंबर 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे की है। वे जब थाना से निकलकर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी प्रखंड कार्यालय परिसर में पहले से मौजूद अजीमगंज पंचायत के धरहरा निवासी स्व. देवेन्द्र राय के पुत्र चंदन कुमार (उम्र लगभग 38 वर्ष, पत्रकार) ने उनका रास्ता रोक लिया।
आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया गया है कि आरोपी ने बिना किसी उकसावे या बातचीत के अचानक उन पर हाथ-मुक्के से हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग कार्यकर्ता के दाहिने गाल की तरफ मुंह से खून बहने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए श्याम मुरारी प्रसाद किसी तरह अपनी जान बचाकर वापस थाना परिसर पहुंचे और वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
घटना के बाद पीड़ित ने अस्पताल पहुंचकर अपना उपचार कराया, जिसकी चिकित्सा पर्ची (संख्या 2581/2026) को साक्ष्य के रूप में आवेदन के साथ संलग्न किया गया है। पीड़ित के अनुसार, वारदात के वक्त घटनास्थल पर कुछ अन्य पत्रकार और ग्रामीण भी मौजूद थे। उन्होंने अपने आवेदन के विषय में रास्ते में रोककर मारपीट का स्पष्ट उल्लेख किया है।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज बुलंद करने वाले एक बुजुर्ग कार्यकर्ता के साथ सरकारी परिसर में इस तरह की घटना को लेकर क्षेत्र में रोष है, और अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन की निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई पर टिकी हैं।




