आवास योजना में धांधली और दाखिल-खारिज में भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकपा-माले की भूख-हड़ताल शुरू
उजियारपुर/समस्तीपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना के सत्यापन में कथित गड़बड़ी, दाखिल-खारिज व परिमार्जन में जारी घूसखोरी और बढ़ते भूमि विवादों के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) ने उजियारपुर अंचल कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।

भाकपा-माले उजियारपुर कमेटी के बैनर तले सोमवार को प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल शुरू कर दी है।
क्या हैं प्रमुख मांगें?
भूख-हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित मुख्य मांगें रखी हैं:
- सूची सार्वजनिक हो: पीएम आवास योजना में शामिल किए गए सभी लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाएं।
- छूटे हुए नाम जुड़ें: मालती, भगवानपुर देसुआ और नाजिरपुर सहित अन्य पंचायतों में छूटे हुए सैकड़ों गरीब परिवारों के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के स्तर से तत्काल प्रभाव से सूची में शामिल किए जाएं।
- भ्रष्टाचार पर लगाम: अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज और परिमार्जन के नाम पर आम जनता से की जा रही अवैध वसूली पर सख्त रोक लगे।
- भूमि विवादों का निपटारा: क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भूमि विवादों को भौतिक सत्यापन (Physical Verification) के आधार पर जल्द से जल्द सुलझाया जाए।
- जमीन आवंटन: जिला परिषद क्षेत्र संख्या-28 में योजना के कार्यान्वयन के लिए चयनित स्थल पर अविलंब जमीन उपलब्ध कराई जाए।
सत्यापन के नाम पर वसूली गई मोटी रकम
भूख-हड़ताल स्थल पर आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान और जिला स्थायी कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह ने स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची के सत्यापन के बदले हर पंचायत में इच्छुक परिवारों से मोटी रकम की वसूली की गई है। इसके बावजूद मालती, भगवानपुर देसुआ और नाजिरपुर पंचायत के कई जरूरतमंद लोगों के नाम सत्यापन सूची से गायब कर दिए गए हैं।
माले नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में उजियारपुर प्रखंड के किसी भी व्यक्ति को ‘मुख्यमंत्री आवास योजना’ का लाभ नहीं मिला है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से एक भी गरीब परिवार वंचित न रहे। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जब तक छूटे हुए लोगों के नाम नहीं जोड़े जाते, आंदोलन जारी रहेगा।
इन्होंने भी किया संबोधित
विरोध सभा की अध्यक्षता प्रखंड कमेटी के सदस्य तनंजय प्रकाश ने की। इस मौके पर मालती पंचायत के उपसरपंच सुधांशू प्रियदर्शी के अलावा पार्टी नेता अर्जून दास, विजय कुमार राम, रोहित कुमार, मधुकर कुमार, भीम सहनी, मो० सकूर, सुशील कुमार सिंह और प्रवीण आनन्द आदि ने भी सभा को संबोधित किया और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।



