मोतिपुर पंचायत के विकास कार्यों के कायल हुए समाजसेवी राजू सहनी, बोले— पूरे बिहार में नहीं ऐसा पंचायत
रोसड़ा (समस्तीपुर)। जिले के रोसड़ा प्रखंड अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत राज मोतिपुर अपने सुव्यवस्थित विकास कार्यों को लेकर लगातार सुर्खियों में है। इसी कड़ी में पंचायत की व्यवस्थाओं को देखने पहुंचे उजियारपुर प्रखंड के युवा समाजसेवी राजू सहनी यहां के बदलावों को देखकर काफी प्रभावित हुए। उन्होंने पंचायत की मुखिया प्रेमा देवी और उनकी पूरी टीम के कार्यों की खुलकर सराहना की।

भ्रमण के दौरान राजू सहनी ने पंचायत में धरातल पर उतारी गई विभिन्न योजनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यहां विकसित बाल वाटिका, योगा पार्क, पोषण वाटिका, अमृत सरोवर और मॉडल हाट के साथ-साथ सड़क, नाला, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यों को देखने के बाद उन्होंने कहा कि मोतिपुर वास्तव में एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित हो रहा है। यहां जिस तरह योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है, वह अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
मुखिया प्रेमा देवी को बेहतर कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि मोतिपुर पंचायत का विकास न केवल रोसड़ा प्रखंड, बल्कि पूरे समस्तीपुर जिले के लिए गर्व की बात है। अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा पंचायत पूरे बिहार में देखने को नहीं मिलता।
इस अवसर पर मुखिया पति रंजीत सहनी ने युवा समाजसेवी राजू सहनी को मिथिला की पारंपरिक चादर भेंट कर उनका स्वागत व सम्मान किया। जवाब में राजू सहनी ने भी रंजीत सहनी को सम्मानित किया। इस दौरान दोनों के बीच आपसी सम्मान और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। मौके पर पंचायत के कई प्रतिनिधि, स्थानीय युवा एवं गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे।




