मालती में छेड़खानी या पैसे का लेन-देन? रात के अंधेरे में चले चाकू-कुल्हाड़ी, वार्ड सदस्य समेत कई लहूलुहान, पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठे
उजियारपुर (समस्तीपुर): जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मालती में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष और तोड़फोड़ हुई। इस हिंसक झड़प में वार्ड संख्या-5 के सदस्य कैलाश पंडित और उनके सहयोगी सहित दूसरे पक्ष के महिलाओं व पुरुषों को मिलाकर कई लोग घायल हो गए। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, जिसके बाद से पूरे गांव में तनाव और चर्चा का माहौल है।

वार्ड सदस्य पक्ष का आरोप: छेड़खानी की शिकायत करने पर चाकू व कुल्हाड़ी से हमला
सदर अस्पताल में इलाजरत वार्ड संख्या-5 के सदस्य कैलाश पंडित ने बताया कि उनके वार्ड के एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि गांव का ही एक युवक पिछले कई महीनों से उनकी बच्ची के घर के सामने आकर लगातार छेड़खानी और अभद्र व्यवहार कर रहा है। इससे परेशान होकर बच्ची के परिजनों ने वार्ड सदस्य से हस्तक्षेप करने और युवक के परिवार से शिकायत करने का अनुरोध किया था।
कैलाश पंडित के अनुसार, इसी सिलसिले में वे अपने सहयोगी प्रकाश कुमार मिश्रा के साथ युवक के घर पहुंचे और परिजनों से युवक को समझाने की बात कही। आरोप है कि शिकायत सुनते ही युवक और उसके परिजन भड़क गए। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई और दोनों पर चाकू व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में प्रकाश कुमार मिश्रा की गर्दन पर चाकू लगा, जबकि कैलाश पंडित की बाईं बांह पर कुल्हाड़ी से वार किया गया।
दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉ. आरपी मंडल की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार दोनों घायलों का एक्स-रे कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे का उपचार किया जाएगा।
दूसरे पक्ष का दावा: रात के अंधेरे में घर पर हमला, पुराने लेन-देन का है विवाद
दूसरी ओर, ग्राम पंचायत मालती के वार्ड संख्या-3 में होरिल चौक के निकट रहने वाले मो० ऐनुल के परिवार ने इस घटना को एक साल पुराने वित्तीय विवाद से जुड़ा बताया है। परिजनों का कहना है कि एक वर्ष पूर्व मो० फरमुद ने कैलाश पंडित से मिट्टी गिरवाई थी और उसी के रुपए के लेन-देन को लेकर पिछले एक साल से विवाद चल रहा है। इस संबंध में पूर्व में कैलाश पंडित की ओर से उजियारपुर थाने में आवेदन भी दिया गया था।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीती रात करीब 10 बजे कैलाश पंडित एक दर्जन से अधिक युवकों के साथ नशे की हालत में उनके घर आ धमके। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल, मुख्य गेट और छत का करकट तोड़ डाला तथा घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें महिलाओं सहित मो० ऐनुल और उनके बड़े पुत्र मो० फारुख घायल हो गए।
इसी दौरान घर के सदस्य मो० अफरोज ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावरों का विरोध किया, जिसमें दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए और घटनास्थल पर हमलावरों की दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। परिजनों का कहना है कि पुराने लेन-देन के विवाद को छेड़खानी का बहाना बनाकर उन्हें रात में आतंकित किया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल और थानाध्यक्ष का बयान
मो० ऐनुल के परिजनों ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि रात में उजियारपुर थाना पुलिस घायल मो० ऐनुल और मो० फारुख को इलाज कराने की बात कहकर अपने साथ ले गई, लेकिन बाद में उल्टे उन्हें ही गिरफ्तार कर थाने के हाजत में बंद कर दिया गया।
वहीं, पूरे मामले पर उजियारपुर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले की गहन जांच की जाएगी। आवेदन में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




