समस्तीपुर के विशनपुर चौक पर हर्षोल्लास से मनाई गई इंदिरा गांधी की जयंती, वक्ताओं ने किया योगदान को याद
समस्तीपुर: समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर चौक स्थित इंदिरा स्मारक परिसर में गुरुवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘आयरन लेडी’ के नाम से विख्यात इंदिरा गांधी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इंदिरा स्मारक कमिटी, विशनपुर के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता कमिटी के संयोजक ठाकुर मनोज भारद्वाज ने की। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने किया।

समारोह की शुरुआत उपस्थित नेताओं और गणमान्य लोगों द्वारा इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
‘इंदिरा गांधी सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि एक युग थीं’
कांग्रेस के वरीय नेता अंजनी मिश्रा और सरोज सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं थीं, बल्कि वे स्वयं में एक युग थीं। उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनाने, वंचितों को उनका हक दिलाने और भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का कार्य किया।
वहीं, कांग्रेस उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने उनके ऐतिहासिक फैसलों को याद करते हुए कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण, ‘गरीबी हटाओ’ का नारा और हरित क्रांति को गति देकर उन्होंने किसानों, मजदूरों और महिलाओं की आवाज को बुलंद किया। वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को परास्त कर बांग्लादेश का निर्माण कराना और परमाणु परीक्षण कर भारत को शक्ति संपन्न बनाना उनकी दूरदर्शिता और अदम्य साहस का प्रमाण है।
एकता और अखंडता की सोच आज भी प्रासंगिक
इंदिरा स्मारक कमिटी के संयोजक सह कांग्रेस नेता ठाकुर मनोज भारद्वाज ने कहा कि इंदिरा जी का मानना था कि गरीबी हटाना ही सबसे बड़ी देशभक्ति है। आज भी उनका साहस और देशप्रेम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। अधिवक्ता सह समाजसेवी मो. शाहिद हुसैन ने वर्तमान परिदृश्य पर चर्चा करते हुए कहा कि आज के समय में जब समाज में नफरत और बंटवारे की राजनीति की जा रही है, तब इंदिरा गांधी की एकता, अखंडता और धर्मनिरपेक्षता की विचारधारा पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गई है।
अंत में जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इंदिरा स्मारक कमिटी हर वर्ष इसी तरह उनकी जयंती मनाती रहेगी और उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
समारोह में कांग्रेस उपाध्यक्ष डोमन राय, विश्वनाथ हजारी, रेशमा सिंह, सूरज राम, अनिल तिवारी, समाजसेवी बच्चा बाबू गिरी, अधिवक्ता मो. शाहिद हुसैन उर्फ मुखिया जी, राम विलास राय, युवा कांग्रेस के समस्तीपुर विधानसभा प्रभारी कृष्णा कुमार यादव, विनोद कुशवाहा, मन्नू देव, मो. इसाक, देविता देवी, रामनारायण शर्मा, सरपंच मुरारी ठाकुर, डॉ. मोहन ठाकुर, मो. आसिफ इकबाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और महिलाएं मौजूद रहे।




