समस्तीपुर के श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में MBBS के पहले बैच का आगाज, 49 छात्रों ने धारण किया सफेद कोट
सरायरंजन (समस्तीपुर): जिले के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में रविवार को एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एमबीबीएस (MBBS) के पहले बैच की पढ़ाई का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ में 49 नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने सफेद कोट पहनकर चिकित्सा जगत में अपने करियर की औपचारिक शुरुआत की।

समारोह का उद्घाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने किया। उन्होंने इस पल को न केवल सरायरंजन, बल्कि पूरे समस्तीपुर जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया। गौरतलब है कि राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) से 50 सीटों की स्वीकृति मिलने के बाद कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत की गई है।
आधुनिक तकनीक, एआई और शोध पर जोर
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भावी डॉक्टरों को चिकित्सा पेशे की मूल भावना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा का उद्देश्य महज बीमारियों का उपचार करना नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों और समाज की निस्वार्थ सेवा का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि संस्थान में आधुनिक चिकित्सा तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और शोध (रिसर्च) को बढ़ावा देने के लिए हर संभव संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बीपीएससी से जल्द होगी डॉक्टरों और कर्मियों की बहाली
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की स्थापना के सफर को याद करते हुए बताया कि इसकी आधारशिला नवंबर 2019 में रखी गई थी, जो अब साकार होकर क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बन रही है।
छात्रों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को युवा चिकित्सकों से बड़ी अपेक्षाएं हैं और उन्हें अपनी बेहतर शिक्षा, सेवा भाव तथा शालीन व्यवहार से इन उम्मीदों पर खरा उतरना चाहिए। संस्थान की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के संदर्भ में उन्होंने अहम जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज में चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों के रिक्त पदों की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है और शीघ्र ही नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
समारोह में जुटे कई मंत्री और जनप्रतिनिधि
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की व्यापक उपस्थिति रही। कार्यक्रम को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने भी संबोधित किया और नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशांत कुमार ने किया, जबकि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एस.के. कर्ण ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। अंत में अस्पताल अधीक्षिका डॉ. पूनम कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, विधायक अश्वमेघ देवी, महेश्वर हजारी, राजकुमार राय, रणविजय साहू, पूर्व विधायक रामबालक सिंह और जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




