पर्यावरण संरक्षण की पहल: डायट पूसा परिसर में लगाए गए डेढ़ दर्जन फलदार पौधे
मातृवंदन फाउंडेशन, लखनऊ के सौजन्य से हुआ आयोजन; प्राचार्य बोले— पौधे लगाने के साथ उनकी रक्षा भी हमारी जिम्मेदारी

पूसा| समस्तीपुर: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूसा प्रखंड अंतर्गत राजकीय शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय (डायट) के प्रांगण में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मातृवंदन फाउंडेशन, लखनऊ के सौजन्य से आयोजित इस अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में आम, लीची, कटहल, अनार, अमरूद और नींबू सहित लगभग डेढ़ दर्जन फलदार पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पौधारोपण से हवा और वातावरण शुद्ध होता है। उन्होंने कहा, “पर्यावरण के महत्व को हम सभी को गंभीरता से समझना होगा। हमारी जिम्मेदारी केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और रक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है।” प्राचार्य ने इस सराहनीय पहल के लिए मातृवंदन फाउंडेशन का हृदय से आभार जताया।
वहीं, समाजसेवी सह मातृवंदन फाउंडेशन के प्रतिनिधि राकेश कुमार ठाकुर ने पर्यावरण को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि पर्यावरण बचाना ही वास्तव में जीवन बचाना है। उन्होंने हर व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की और कहा कि यही आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर होगी।
संस्था के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए श्री ठाकुर ने बताया कि ‘मातृवंदन’ का अर्थ ‘माँ की पूजा’ है। इसी भावना के साथ फाउंडेशन समाज के हर क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रहा है। गरीबों के बीच भोजन, वस्त्र व दवा वितरण, पर्यावरण संरक्षण, नारी व वृद्धजन सम्मान तथा सम्मान समारोह जैसे सामाजिक कार्य संस्था पहले भी करती रही है और भविष्य में भी यह क्रम जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार और राकेश कुमार ठाकुर के अलावा समाजसेवी सह अधिवक्ता मो. शाहिद हुसैन, समाजसेवी कुंदन कुणाल, उत्कर्ष बैंक के वरीय प्रतिनिधि रवि आनंद, समाजसेवी मो. परवेज आलम, मनोज कुमार राय, सुबोध राय, जयलाल राय सहित महाविद्यालय के दर्जनों शिक्षकगण मौजूद रहे।




