पीएम मोदी के जन्मदिन को NSUI ने ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ के रूप में मनाया, कलेक्ट्रेट के सामने तले पकौड़े, बेचे चाय और की जूता पॉलिश
समस्तीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को समस्तीपुर में छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने इस दिन को ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ के रूप में मनाते हुए बढ़ती बेरोजगारी और बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी के खिलाफ सरकार पर तीखा निशाना साधा।

एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने समस्तीपुर कलेक्ट्रेट के सामने स्टॉल लगाए। यहां युवाओं ने प्रतीकात्मक रूप से राहगीरों के बूट पॉलिश किए, पकौड़े तले और चाय बेचकर अपना रोष प्रकट किया।
हर साल 1 करोड़ रोजगार का वादा रहा अधूरा: कांग्रेस
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अबू तमीम ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में बेरोजगारी अपने चरम पर है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री की ओर से हर साल एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज जमीनी हकीकत यह है कि युवा डिग्रियां लेकर भी रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। इसके साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि भयंकर बाढ़ की त्रासदी झेल रहे प्रभावित लोगों को भी सरकार की तरफ से पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही है।
‘सेवा दिवस’ बनाम ‘बेरोजगारी की मार’
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि एक तरफ सत्ता पक्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाकर जश्न मना रहा है, वहीं दूसरी तरफ देश का एक बड़ा युवा वर्ग रोजगार के अभाव में हताश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कलेक्ट्रेट के सामने पकौड़े तलने और जूता पॉलिश करने का उनका यह प्रतीकात्मक विरोध सरकार की नींद तोड़ने और बेरोजगारी की भयावह स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित करने का एक प्रयास है।
बेरोजगारों और बाढ़ पीड़ितों के नाम जलाए गए दीये
विरोध प्रदर्शन के दौरान केवल नारेबाजी ही नहीं की गई, बल्कि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बेरोजगार युवाओं और बाढ़ पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके नाम पर दीये भी जलाए। छात्रों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द रोजगार सृजन की दिशा में ठोस कदम उठाए और बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव मदद करे।
इस विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु, एखलाकुर रहमान और नवनीत कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र और संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



