मुक्तापुर रेल गुमटी ओवरब्रिज के निर्माण कार्य का मंच ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर
समस्तीपुर रेल विस्तार एवं विकास मंच की टीम ने रविवार को मुक्तापुर रेल गुमटी पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच के पदाधिकारियों व सदस्यों ने निर्माण स्थल का जायजा लिया और कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की मांग उठाई।

निरीक्षण के दौरान मंच के सदस्यों ने स्थानीय दुकानदारों, आम लोगों, वाहन चालकों और निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर श्याम किशोर सिंह से बातचीत कर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को समझा।
मौके पर बताया गया कि बिजली विभाग द्वारा विद्युत पोलों को किनारे करने, वन विभाग द्वारा पेड़-पौधों के स्थानांतरण और रेलवे द्वारा गुमटी के समीप डायवर्सन मार्ग उपलब्ध कराए जाने के बाद अब निर्माण कार्य में तेजी आने की पूरी संभावना है। टीम ने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर काम को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया।
मंच के प्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए वर्तमान सड़क को मोटरेबल (वाहन योग्य) बनाने की तत्काल मांग की। इसके अलावा, ओवरब्रिज का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ करने और दोनों ओर समुचित एप्रोच सड़क की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
मंच ने निर्णय लिया है कि इन जनसमस्याओं और मांगों को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी (DM), डीआरएम (DRM) तथा अन्य संबंधित उच्चाधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस निरीक्षण दल में सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राकेश कुमार ठाकुर, शंकर प्रसाद साह, राम विनोद पासवान, विश्वनाथ सिंह हजारी, शत्रुघ्न राय पंजी, अधिवक्ता मो. शाहिद हुसैन, जयलाल राय, मनोज कुमार, अशोक कुमार, मो. असगर अंसारी और मिथिलेश कुमार राय सहित कई अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।



