समस्तीपुर: उजियारपुर में सड़क बनी तालाब, लोग परेशान, जल निकासी का रास्ता बंद करने से बिगड़े हालात, जलजमाव से बीमारी का खतरा
समस्तीपुर जिलें के उजियारपुर प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत रायपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3 में जलजमाव की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। उपेन्द्र चौधरी के घर से मन्नू महतो के घर तक जाने वाली पीसीसी सड़क पूरी तरह से जलमग्न हो गई है, जिससे यह सड़क कम और तालाब ज्यादा नजर आ रही है। यह स्थिति स्थानीय निवासियों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गई है।

हैरानी की बात यह है कि यह सड़क प्रखण्ड मुख्यालय के करीब है, इसके बावजूद इसकी यह दुर्दशा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि न तो स्थानीय जनप्रतिनिधि और न ही कोई अधिकारी इस गंभीर समस्या की सुध ले रहा है। सड़क पर लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है, जिससे इलाके में बीमारी फैलने का खतरा मंडराने लगा है।
मुखिया प्रतिनिधि का आश्वासन और नाली निर्माण
इस गंभीर समस्या को लेकर जब रायपुर पंचायत की मुखिया अंजू कुमारी के प्रतिनिधि, दीपक कुमार, से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाली निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने जानकारी दी कि कुछ हिस्से में नाली का निर्माण हो चुका है, जबकि बाकी बचे काम को बरसात और आगामी त्योहारों (दीपावली और छठ) के बाद पूरा कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों के आग्रह पर ही नाली निर्माण का काम फिलहाल रोक दिया गया है ताकि त्योहारों के समय मिट्टी खुदाई होने से उन्हें आवाजाही में परेशानी न हो।
मिट्टी डालकर बंद किया गया पानी निकासी का रास्ता
वहीं, जब मुखिया प्रतिनिधि से यह पूछा गया कि इस ‘तालाब जैसी’ स्थिति से लोगों को तत्काल कैसे निजात मिलेगी, तो उन्होंने एक नई बात का खुलासा किया। दीपक कुमार ने बताया कि वहाँ जल निकासी का रास्ता पहले से बना हुआ था, लेकिन कुछ लोगों के द्वारा उसमें मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया गया है। इसी कारण से पानी की निकासी रुक गई है और ऐसी भयावह स्थिति बन गई है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि, “हम देखते हैं कि इस समस्या का समाधान कैसे किया जा सकता है।” उनके इस आश्वासन के बाद अब देखना यह है कि स्थानीय लोगों को इस जलमग्न सड़क से कब तक स्थायी राहत मिल पाती है।



