बिजली विभाग की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिशनपुर-दलसिंहसराय पथ किया जाम, जेई और मिस्त्री पर लगाए गंभीर आरोप
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गावपुर पंचायत के वार्ड संख्या 09 में पिछले कई सप्ताह से ट्रांसफॉर्मर जला हुआ है। लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की नींद नहीं टूटने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दोपहर करीब 2 बजे गावपुर योगी चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास बांस लगाकर बिशनपुर-दलसिंहसराय मुख्य पथ को घंटों जाम कर दिया।

जेई करते हैं नंबर ब्लॉक, मिस्त्री ने वसूले पैसे
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का आरोप है कि हफ़्तों से बिजली नहीं होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने उजियारपुर के कनीय अभियंता (JE) के रवैये पर भड़कते हुए उन्हें भला-बुरा कहा। लोगों का कहना है कि जब भी जेई को फोन किया जाता है, तो वे कोई जवाब नहीं देते और नंबर ब्लॉक कर देते हैं।
वहीं, सड़क जाम कर रहीं महिलाओं ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर बिजली मिस्त्री ने गांव वालों से पैसे की वसूली भी की है। इसके बावजूद अब तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया है। महिलाओं ने साफ तौर पर चेतावनी दी थी कि जब तक उनका ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला जाएगा, तब तक वे लोग सड़क से नहीं हटेंगे।
बिजली गुल होने से नल-जल योजना ठप, पानी के लिए हाहाकार
बिजली नहीं होने का असर सिर्फ अंधेरे तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इससे नल-जल योजना की स्थिति भी पूरी तरह पस्त हो गई है। बिजली के अभाव में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिसके कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि चूँकि अब सभी लोग पूरी तरह से नल-जल योजना के पानी पर ही आश्रित हैं, ऐसे में पानी की बूंद-बूंद के लिए गांव में त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद हटा जाम
सड़क जाम के कारण बिशनपुर-दलसिंहसराय मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इसी दौरान पुलिस गश्ती करते हुए उसी रास्ते से गुजर रही थी। सड़क पर लोगों की भीड़ और जाम देखकर सब-इंस्पेक्टर (SI) प्रदीप कुमार वहां रुके और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्या जानी।
स्थिति को समझते हुए एसआई प्रदीप कुमार ने मौके से ही उजियारपुर जेई को फोन लगाया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद एसआई ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पुलिस की तरफ से शाम तक ट्रांसफॉर्मर लगवाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन के इस सकारात्मक आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। लोगों ने सड़क से बांस-बल्ले हटाए, जिसके बाद घंटों से बाधित यातायात पुनः सुचारू रूप से बहाल हो सका।



