धनतेरस के अवसर पर मातृवंदन फाउंडेशन ने लगाया मुफ्त भोजन शिविर, 400 से अधिक जरूरतमंदों को कराया भोजन
समस्तीपुर: धनतेरस के पावन अवसर पर समस्तीपुर शहर के जितवारपुर कन्हैया चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर परिसर में ‘मातृवंदन फाउंडेशन, लखनऊ’ की ओर से एक मुफ्त भोजन शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से 400 से अधिक गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच प्रेम और सम्मान के साथ भोजन का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मातृवंदन फाउंडेशन के प्रतिनिधि और प्रमुख समाजसेवी राकेश कुमार ठाकुर ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही दुनिया में सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा, “गरीबों को भोजन देना सिर्फ अन्नदान नहीं है, बल्कि यह माँ के सम्मान और समाज के उत्थान का एक दृढ़ संकल्प है।”
उन्होंने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मातृवंदन फाउंडेशन मुख्य रूप से माँ का सम्मान, शिक्षा का प्रसार, स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहा है। संस्था ने यह संकल्प लिया है कि वह आगे भी गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन, स्वास्थ्य और शिक्षा की दिशा में अपनी सेवाएँ निरंतर जारी रखेगी। साथ ही, फाउंडेशन ने इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
इस महादान और सेवा कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें समाजसेवी सह मातृवंदन फाउंडेशन के प्रतिनिधि राकेश कुमार ठाकुर, समाजसेवी कृष्ण बालक उर्फ भोला, अधिवक्ता मोहम्मद शाहिद हुसैन उर्फ मुखिया जी, राम विनोद पासवान, विश्वनाथ हजारी, मनोज कुमार राय, प्रमोद कुमार पप्पू, शिक्षाविद प्रमोद कुमार कंठ, जयलाल राय, संदीप सरकार, रामचन्द्र राय महंत, ललन राय, विशाल यादव बल्ली, ईo राजेश कुमार, ईo पंकज कुमार, मोo परवेज आलम, ट्रेड यूनियन नेता एस.के. निराला, हिमांशु कुमार, रामयतन राय, रोहन राजपूत, शम्भु सिंह और पवन कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।




