बेटे के जन्मदिन पर अनूठी पहल: समस्तीपुर स्टेशन चौक पर 200 से अधिक जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण
समस्तीपुर। कल देर शाम समस्तीपुर स्टेशन चौक पर मानवता और समाजसेवा की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली। मातृवंदन फाउंडेशन, लखनऊ के तत्वावधान में शहर के लोकप्रिय समाजसेवी सह व्यवसायी हरेंद्र कुमार के सुपुत्र तेजवीर सिंह के जन्मदिन के शुभ अवसर पर 200 से अधिक गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन के पैकेट वितरित किए गए।

इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि नन्हे तेजवीर के हाथों से ही जरूरतमंदों को भोजन वितरित कराया गया, ताकि बचपन से ही उसमें सेवा और संस्कार की भावना विकसित हो सके। भोजन पाकर असहाय लोगों के चेहरों पर आई मुस्कान और उनके आशीर्वाद ही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुँचाने का संकल्प
इस अवसर पर मातृवंदन फाउंडेशन के प्रतिनिधि सह समाजसेवी राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है और सेवा से बड़ी कोई पूजा नहीं। उन्होंने कहा, “किसी भूखे को भरपेट भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य है। गरीबों को भोजन देना, असहाय की मदद करना और जरूरतमंद के काम आना ही सच्चा धर्म है। जन्मदिन जैसे खुशी के अवसर तब और भी खास हो जाते हैं, जब उन खुशियों में समाज के गरीब और वंचित वर्ग को भी शामिल किया जाए।”
उन्होंने आगे कहा कि मातृवंदन फाउंडेशन का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुँचाना है। संस्था आने वाले समय में भी पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और गरीबों की सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में शामिल गणमा न्य लोग
इस पुनीत अवसर पर शहर के कई प्रमुख समाजसेवी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मौके पर समाजसेवी सह व्यवसायी हरेंद्र कुमार, व्यवसायी राय सोनी सिंह, अधिवक्ता मो. शाहिद हुसैन, रेलवे ट्रेड यूनियन नेता एस.के. निराला, समाजसेवी ई. राजेश कुमार, उत्कर्ष बैंक के वरीय प्रबंधक रवि आनंद, चिकित्सक डॉ. रामपुकार सिंह, समाजसेवी मो. परवेज आलम, मनोज कुमार राय, विश्वनाथ हजारी एवं जयलाल राय सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।




