असफल ऑपरेशन से जूझ रही सुमित्रा देवी की मदद को आगे आए राजू सहनी, दी 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
उजियारपुर (समस्तीपुर): प्रखंड के सातनपुर वार्ड संख्या-2 में असफल ऑपरेशन के बाद पिछले छह महीने से गंभीर शारीरिक और आर्थिक संकट से जूझ रही एक गरीब महिला सुमित्रा देवी की मदद के लिए राजू सहनी आगे आए हैं। पीड़िता के घर पहुंचे राजू सहनी ने परिवार को तत्काल 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने महिला का बेहतर इलाज कराने और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने का भरोसा भी दिया।

पीड़िता के पुत्र दीपक कुमार ने बताया कि उनकी मां पिछले छह महीने से बीमार हैं। उनके पेट में पथरी (स्टोन) की समस्या थी, जिसका ऑपरेशन समस्तीपुर के मोहनपुर स्थित नारायणा (नारायणी) हॉस्पिटल में कराया गया था। दीपक के अनुसार, ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया कि शौच (बाथरूम) वाली नस फटी हुई है, जिसके कारण शौच का रास्ता पेट से बाहर निकाल दिया गया। अब दोबारा इलाज के लिए अस्पताल जाने पर डॉक्टर इसे ठीक करने के लिए डेढ़ से दो लाख रुपये के खर्च की बात कह रहे हैं।
अत्यंत गरीब इस परिवार के लिए अब आगे का इलाज कराना बड़ी चुनौती बन गया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला के इलाज में अब तक लगभग दो से ढाई लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। परिवार की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि उनके पास आयुष्मान भारत कार्ड बना हुआ है, लेकिन निजी अस्पताल में उसे स्वीकार नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें अब तक सरकारी योजना का कोई लाभ नहीं मिल पाया है। दीपक ने बेबसी जताते हुए कहा कि उनके पास इतने रुपये नहीं हैं कि वे अपनी मां का इलाज करवा सकें।
पीड़िता और उनके परिजनों से मुलाकात के बाद राजू सहनी ने महिला की स्थिति को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि वे पहले ही पीड़िता के बेटे के व्हाट्सएप के माध्यम से बीमारी की गंभीरता देख चुके थे, जिसमें लगभग 10 से 11 किलोग्राम की पथरी निकाले जाने के बावजूद ऑपरेशन सफल नहीं हो सका था। राजू सहनी ने परिवार को 11 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक मदद दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे परिवार को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने की पहल करेंगे और अतिशीघ्र महिला का सफल ऑपरेशन कराने का प्रयास किया जाएगा।
मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वे लोग भी अपने स्तर से लगातार परिवार की मदद कर रहे थे और इलाज करवाने की कोशिश की, लेकिन ऑपरेशन सफल न होने के कारण अब बड़े खर्च और बेहतर चिकित्सा की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने कहा कि पूरे उजियारपुर प्रखंड में जहां भी समस्या उत्पन्न होती है, राजू सहनी वहां पहुंचकर लोगों का सहयोग करते हैं।
इसी विश्वास के साथ उन्होंने राजू सहनी से इस मुहिम की शुरुआत करने का आग्रह किया है, ताकि सभी लोग मिलकर इसे आगे बढ़ा सकें और सुमित्रा देवी का समुचित इलाज संभव हो सके। इस दौरान मौके पर वरुण कुमार, सुधीर कुमार, उमाशंकर साह, पिंटू राय, सियाराम राय और अरुण जी मौजूद थे।




