समस्तीपुर: मासूम बच्ची के साथ विभत्स तरीके से यौन उत्पीड़न, भाकपा माले ने की स्पीडी ट्रायल और 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग
समस्तीपुर जिले के अंगार घाट थाना क्षेत्र में एक मासूम नाबालिग बच्ची के साथ पड़ोसी नशेड़ी किशोर द्वारा विभत्स तरीके से यौन उत्पीड़न किए जाने का एक बेहद शर्मनाक और खौफनाक मामला सामने आया है। घटना 28 सितंबर 2026 की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद भाकपा माले (CPI-ML) की एक 10 सदस्यीय टीम ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।

आंगनबाड़ी से लौटते वक्त दरिंदगी का शिकार हुई मासूम
पीड़ित परिवार ने भाकपा माले की जांच टीम को आपबीती सुनाते हुए बताया कि मासूम बच्ची आंगनबाड़ी केंद्र से पढ़ाई कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक नशेड़ी किशोर ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों के अनुसार, दरिंदगी इस कदर विभत्स तरीके से की गई कि बच्ची के निजी अंगों में गहरे जख्म हो गए हैं। गंभीर रूप से जख्मी मासूम का फिलहाल इलाज चल रहा है। इस अमानवीय घटना से आक्रोशित और दुखी बच्ची के पिता ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दरिंदे को हर हाल में फांसी की सजा होनी चाहिए।
स्पीडी ट्रायल चलाकर मिले कड़ी सजा: तनंजय प्रकाश
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे खेग्रामस (खेतिहर ग्रामीण मजदूर सभा) उजियारपुर प्रखंड सचिव एवं भाकपा माले प्रखंड कमिटी सदस्य तनंजय प्रकाश ने इस घटना की तीव्र निंदा की है। उन्होंने कहा कि इतनी विभत्स तरीके से घटना को अंजाम देने वाले दोषी के खिलाफ सरकार और प्रशासन को तुरंत स्पीडी ट्रायल चलाना चाहिए।
उसे ऐसी कठोर सजा दी जाए जो एक नजीर बने, जिससे आने वाले दिनों में ऐसी जघन्य घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके। इसके साथ ही तनंजय प्रकाश ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार की सुरक्षा की पूरी गारंटी सुनिश्चित की जाए।
मौके पर ये लोग रहे मौजूद
घटना का जायजा लेने पहुंची भाकपा माले की टीम और उपस्थित लोगों में तनंजय प्रकाश के साथ राम सगुण सिंह, शाखा सचिव मो. ताजुद्दीन खान, मो. आलम, थाना रोड शाखा सचिव अर्जुन पासवान, महेश राय, संजय पासवान, प्रदीप पासवान, भरत दास, जागो साह और विनोद पासवान शामिल थे। इसके अलावा मौके पर शीला देवी, अनीता देवी, रानी देवी, मुनचुन देवी एवं राजा पासवान भी मौजूद रहे।



