लगातार चौथे साल मुनाफे में समस्तीपुर डिस्ट्रिक्ट सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, नेटवर्थ 20.52 करोड़ पहुँचा
समस्तीपुर डिस्ट्रिक्ट सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की वार्षिक आम सभा रविवार को मोहनपुर रोड स्थित यूएन पैलेस में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बैंक प्रगति के पथ पर अग्रसर है और लगातार चौथे वर्ष मुनाफे में दर्ज किया गया है। बैंक का नेटवर्थ अब बढ़कर 20.52 करोड़ रुपये के पार पहुँच गया है।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दरभंगा प्रमंडल के संयुक्त निबंधक (सहयोग समितियाँ) मो० निसार अहमद ने सहकारिता का ध्वज फहराकर किया। इस महत्वपूर्ण आम सभा की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय ने की, जबकि बैंक का प्रगति प्रतिवेदन (प्रोग्रेस रिपोर्ट) प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन
आम सभा को संबोधित करते हुए बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय ने वित्तीय उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 65.81 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। पूर्व के वर्षों की हानियों के समायोजन (एडजस्टमेंट) के बाद भी बैंक के पास अभी 642.69 लाख रुपये की संचित राशि सुरक्षित है। वर्तमान में बैंक की आरक्षित निधि (रिजर्व फंड) बढ़कर 851.78 लाख रुपये और नेटवर्थ 2052.86 लाख (20.52 करोड़) रुपये हो गया है।
आधुनिक और पारदर्शी बैंक बनाने का लक्ष्य
अध्यक्ष विनोद कुमार राय ने इसे गौरव का वर्ष बताते हुए कहा, “मुझे यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि आपका अपना बैंक लगातार चौथे वर्ष लाभ में है। यह हम सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और विश्वास का ही सुखद परिणाम है।”
उन्होंने बैंक के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में बैंक को और अधिक मजबूत तथा आत्मनिर्भर बनाना है। श्री राय ने भविष्य का विजन स्पष्ट करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य केवल आज का नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत, पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम और आधुनिक सहकारी बैंक का निर्माण करना है। आपके सहयोग और मार्गदर्शन से बैंक निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।”
कार्यक्रम में इनकी रही अहम मौजूदगी
इस वार्षिक आम सभा में बैंक के कई गणमान्य लोग, अधिकारी और पैक्स अध्यक्ष भारी संख्या में मौजूद रहे। मुख्य रूप से उपाध्यक्ष सुनील कुमार, प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गुप्ता, निदेशक राम कलेवर प्रसाद सिंह, राम कुमार यादव, प्रवीण कुमार रौशन, राम कुमार झा, श्याम सुन्दर प्रसाद, रंजन पासवान, निदेशिका अनिता देवी, प्रभा कुमारी, और अंजू देवी उपस्थित थीं।
इनके अलावा प्रबंधक लेखा मनीष कुमार वर्मा, स्थापना प्रभारी सह ऋण पदाधिकारी विश्वनाथ चौधरी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी— ज्योतिन्द्रनाथ शांडिल्य (समस्तीपुर), राम बिनेश दास (दौलतपुर-रोसड़ा), शंकर कुमार सिंह (दलसिंहसराय), चन्द्रशेखर कुमार (ताजपुर), केशव कुमार (कल्याणपुर), अनिश साह (पटोरी) और संजीव कुमार सुमन (सिंधिया) ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम में समाजसेवी राकेश कुमार ठाकुर, अनंत कुशवाहा, मोo परवेज आलम, और अधिवक्ता मोo शाहिद हुसैन सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।



