महिला सुरक्षा के मुद्दे पर DYFI और जनवादी महिला समिति का प्रदर्शन, सम्राट चौधरी का फूंका पुतला
समस्तीपुर: जमुई, समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर सहित बिहार के विभिन्न जिलों में लड़कियों के साथ छेड़खानी और दुर्व्यवहार की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ डीवाईएफआई (DYFI) और जनवादी महिला समिति ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। इन घटनाओं के विरोध में दोनों संगठनों की समस्तीपुर जिला कमेटी ने संयुक्त रूप से एक प्रतिरोध मार्च निकाला और स्थानीय गांधी स्मारक के पास सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।

इस विरोध प्रदर्शन और सभा की अध्यक्षता डीवाईएफआई के जिलाध्यक्ष महेश कुमार ने की। सभा को संबोधित करते हुए जनवादी महिला समिति की राज्य सचिव नीलम देवी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार लड़कियों को सुरक्षा मुहैया कराने में पूरी तरह विफल रही है और अपराधियों के भीतर से पुलिस और कानून का खौफ खत्म हो गया है।
नीलम देवी ने छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि स्कूल, कॉलेज या कोचिंग जाने वाली लड़कियों के परिजन इस बात को लेकर आशंकित रहते हैं कि उनकी बेटी सुरक्षित वहां पहुंच पाएगी और वापस घर लौट पाएगी या नहीं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात में ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ का नारा बिहार में बेअसर साबित हो रहा है। इसके साथ ही, प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सम्राट चौधरी को अपने बयानों पर कायम रहते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
इस मौके पर डीवाईएफआई नेता भोला राय, अशोक कुमार पुष्पम, अनिल राय, बिगन पटेल और सुनीता देवी सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी सभा को संबोधित किया और महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कार्यक्रम के अंत में विरोध स्वरूप सम्राट चौधरी का पुतला फूंका गया।



