समस्तीपुर में राजद का प्रदर्शन: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, बिहार और बंगाल में दोबारा चुनाव की मांग
बिहार और बंगाल में हुए चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शुक्रवार को समस्तीपुर में कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। जिला राजद के तत्वावधान में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और दोनों राज्यों में पारदर्शी तरीके से पुनः चुनाव कराने की मांग की। चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण यह कार्यक्रम किसी सार्वजनिक स्थान के बजाय कर्पूरी आश्रम स्थित जिला राजद कार्यालय में दोपहर 2 बजे आयोजित किया गया।

इस विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष व पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने की, जबकि मंच संचालन जिला प्रधान महासचिव विपिन सहनी और धन्यवाद ज्ञापन जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन और मोहिउद्दीननगर के पूर्व विधायक डॉ. एज्या यादव ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है और वे सत्ताधारी दल के ‘एजेंट’ के रूप में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दोषपूर्ण वोटर लिस्ट और ‘SIR’ जैसी प्रक्रिया के माध्यम से वोट चोरी की गई है। राजद नेताओं ने दावा किया कि बिहार और बंगाल की जनता ने जिसे नकार दिया था, उसे जबरन सत्ता में बैठाने की साजिश रची जा रही है, जो लोकतंत्र और संविधान के लिए सीधा खतरा है।
राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती और जिला प्रधान महासचिव विपिन सहनी ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव आयोग ने सत्ता के इशारे पर पूरी चुनाव प्रक्रिया को मजाक बना दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भोली-भाली जनता के वोटों की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक निष्पक्ष तरीके से दोबारा चुनाव नहीं कराए जाते, राजद सड़क से लेकर सदन तक इस ‘तानाशाही’ के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगा।
इस पुतला दहन व विरोध प्रदर्शन में राजद के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख लोगों में प्रदेश महासचिव फैजुर रहमान फैज, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार राय, उजियारपुर संगठन के निवर्तमान जिला अध्यक्ष राजेश्वर महतो, पूर्व जिला पार्षद संजीव कुमार राय, दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सत्यविन्द्र पासवान, जिला कोषाध्यक्ष विश्वनाथ राम, जिला उपाध्यक्ष राम विनोद पासवान व ललन यादव, नगर अध्यक्ष उमेश प्रसाद यादव, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पिंकी राय और युवा राजद के प्रदेश महासचिव राजू यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।



