उजियारपुर हनुमान मंदिर मामला: ‘amit_baap_ji’ इंस्टाग्राम अकाउंट से पुजारी को मिली गालियां और धमकी, पिस्टल के साथ वीडियो वायरल
उजियारपुर (समस्तीपुर): उजियारपुर बाजार स्थित हनुमान मंदिर में चांदी की मूर्तियों की चोरी और 64 वर्षीय पुजारी उमाशंकर दास को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में एक बड़ा और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस पूरे आपराधिक कृत्य के तार अब सोशल मीडिया से जुड़ गए हैं। सामने आया है कि ‘amit_baap_ji’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से अपराधियों ने न सिर्फ पुजारी को गंदी गालियां दी हैं, बल्कि हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की भी कोशिश की है।

‘amit_baap_ji‘ अकाउंट से भेजा गया वॉयस मैसेज
डिजिटल सबूतों (स्क्रीन रिकॉर्डिंग) के अनुसार, घटना के बाद ‘amit_baap_ji’ इंस्टाग्राम आईडी का इस्तेमाल करने वाले अपराधी ने वॉयस मैसेज भेजकर पुजारी को निशाना बनाया। ऑडियो में अपराधी पुजारी को ‘बाबाजी’ कहकर संबोधित कर रहा है और बेहद भद्दी गालियां देते हुए धमकी दे रहा है कि, “उजियारपुर छोड़कर भाग जाओ, नहीं तो आ गए तो… (गालियां)”।
स्टोरी में लहराई पिस्टल, रोसड़ा से जुड़े तार
अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ‘amit_baap_ji‘ अकाउंट की इंस्टाग्राम स्टोरी में खुलेआम एक पिस्टल (हथियार) का प्रदर्शन किया गया और बैकग्राउंड में ‘रंगदारी’ (वर्चस्व) वाला गाना लगाया गया था। जब इस प्रोफाइल की गहराई से पड़ताल की गई, तो उसमें रंगदारी वाले कई अन्य वीडियो भी मिले। इन सुरागों से यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि यह अपराधी समस्तीपुर के रोसड़ा क्षेत्र का रहने वाला है।
‘उजियारपुर न्यूज़’ को भी धमकाने की कोशिश: 4 लोगों ने किया वीडियो कॉल
अपराधियों का दुस्साहस केवल पुजारी तक सीमित नहीं रहा; उन्होंने स्थानीय मीडिया की आवाज को भी दबाने का प्रयास किया। धमकी भरे वॉयस मैसेज भेजने के बाद, इसी अकाउंट से 4 बदमाश एक साथ इंस्टाग्राम पर वीडियो चैट कर रहे थे। वे लगातार ‘उजियारपुर न्यूज़’ के इंस्टाग्राम पेज को जॉइन करने का रिक्वेस्ट भेज रहे थे, जिसका सीधा मकसद मीडियाकर्मियों को डराना और धमकाना था।
सभी करतूतें स्क्रीन रिकॉर्डिंग में कैद, पुलिस से कार्रवाई की मांग
अपराधियों की इस पूरी डिजिटल गुंडागर्दी को ‘उजियारपुर न्यूज़’ द्वारा स्क्रीन रिकॉर्डिंग के जरिए सुरक्षित कर लिया गया है। अब यह मामला केवल चोरी का नहीं, बल्कि आर्म्स एक्ट (हथियारों का अवैध प्रदर्शन), आईटी एक्ट (साइबर क्राइम) और जान से मारने की खुली धमकी का बन चुका है।
‘amit_baap_ji’ इंस्टाग्राम आईडी और स्क्रीन रिकॉर्डिंग के रूप में अब समस्तीपुर पुलिस के पास सबसे पुख्ता सबूत मौजूद है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उजियारपुर थाना और समस्तीपुर एसपी से मांग की है कि इस इंस्टाग्राम अकाउंट को ट्रेस कर रोसड़ा के इन अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।



