उजियारपुर के राम जानकी हनुमान मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी, विरोध करने पर पुजारी को मंदिर सहित बम से उड़ाने की धमकी
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र स्थित उजियारपुर बाजार के एक राम जानकी हनुमान मंदिर में चोरी और पुजारी को जान से मारने की धमकी देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में मंदिर के पुजारी ने उजियारपुर थानाध्यक्ष को एक लिखित आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पुलिस को दिए गए शिकायती आवेदन में 64 वर्षीय पुजारी उमाशंकर दास उर्फ लालबाबा (मूल निवासी- लखनपट्टी, वारिसनगर) ने बताया है कि वह वर्तमान में उजियारपुर बाजार स्थित राम जानकी हनुमान मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते हैं।
क्या है पूरा मामला?
आवेदन के मुताबिक, घटना 19 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 7:00 बजे की है। पुजारी जब मंदिर के अंदर से बाहर निकले, तो परिसर में पहले से उजियारपुर निवासी संजीव कुमार (21 वर्ष), पंकज कुमार (22 वर्ष) और उनका एक अज्ञात साथी बैठे हुए थे। जब पुजारी वापस मंदिर में गए, तो देखा कि मंदिर में रखी गणेश जी और लक्ष्मी जी की चांदी की मूर्तियां (जिनका कुल वजन 30 भर/तोला यानि 300 ग्राम था) और हनुमान जी के आगे चढ़ावे के रखे 1100 रुपये नकद गायब थे। बताया जा रहा है की मूर्तियों का कुल किमत वर्तमान चांदी के रेट अनुसार करीब 80 हजार रुपये है।
बम से उड़ाने की मिली धमकी
पुजारी को वहां बैठे तीनों युवकों पर ही चोरी का शक हुआ। जब उन्होंने जाकर उन लोगों से पूछताछ की, तो वे भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। पुजारी के अनुसार, जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया, तो संजीव कुमार ने धमकी दी कि अगर ज्यादा बोलोगे तो मंदिर परिसर को बम से उड़ा देंगे और जब चाहेंगे तब तुम्हें भी बम से उड़ा देंगे। वहां मौजूद अन्य लोगों के बीच-बचाव करने पर पुजारी की जान बच सकी।
पुजारी ने जताई हत्या की आशंका
पुजारी उमाशंकर दास ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि संजीव कुमार और उसका साथी मनबढ़ किस्म के व्यक्ति हैं और उनका संबंध असामाजिक तत्वों से है। वे कभी भी उनकी हत्या कर सकते हैं और मंदिर का चढ़ावा लूट सकते हैं। पुजारी ने पुलिस को यह भी बताया है कि वे मंदिर में अकेले रहते हैं और उन पर पूर्व में भी जानलेवा हमला हो चुका है।
अंत में, पुजारी ने थानाध्यक्ष से इस मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए अपनी और मंदिर की संपत्ति की रक्षा करने की प्रार्थना की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



