उजियारपुर रेलवे स्टेशन कि दुर्दशा को लेकर CPIM का धरना, मौर्य एक्सप्रेस के ठहराव और ओवरब्रिज निर्माण समेत 10 सूत्री मांगें उठाईं
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी सीपीएम की उजियारपुर अंचल कमिटी की ओर से उजियारपुर रेलवे स्टेशन पर एक धरना-प्रदर्शन किया गया। कॉ. सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में रेलवे की चरमराई व्यवस्थाओं में सुधार, ट्रेनों का ठहराव और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना था।

जनहित में उठाई गईं प्रमुख 10 सूत्री मांगें
पार्टी द्वारा जारी पर्चे और सभा में वक्ताओं द्वारा मुख्य रूप से 10 सूत्री मांगें रखी गईं। इनमें उजियारपुर स्टेशन पर अविलंब मौर्य एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करने और समस्तीपुर-बरौनी रेलखंड पर उजियारपुर रेलवे गुमटी संख्या-44 तथा बेलारी गुमटी संख्या-49 पर ओवरब्रिज के निर्माण की प्रमुख मांग शामिल है। इसके साथ ही, बेलारी हॉल्ट पर सभी सवारी गाड़ियों का ठहराव सुनिश्चित करने, समस्तीपुर से बरौनी के लिए सुबह 8 से 10 बजे के बीच सवारी गाड़ी का प्रबंध करने और टाटा-छपरा एक्सप्रेस का प्रतिदिन संचालन सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
इसके अलावा, आंदोलनकारियों ने रेल के निजीकरण पर तत्काल रोक लगाने और खाली पदों पर अविलंब बहाली करने की मांग की। समस्तीपुर से नई दिल्ली के लिए स्लीपर एवं जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन चालू करने तथा दलसिंहसराय, उजियारपुर, नाजीरगंज और खुदीराम बोस पूसा स्टेशन को समस्तीपुर रेल मंडल में शामिल करने की अपील भी की गई। पूर्व की भांति मुजफ्फरपुर-सियालदह सवारी गाड़ी को पुन: चालू करने, मुजफ्फरपुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने और उजियारपुर स्टेशन पर रैक प्वाइंट बनाने की मांग भी इस धरने का अहम हिस्सा रही।
सोनपुर मंडल के अधिकारियों को दी गई कड़ी चेतावनी
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माकपा जिला मंत्री कॉ. रामाश्रय महतो ने उजियारपुर स्टेशन की बदहाली पर कड़ा रोष जताया और स्टेशन पर प्लेटफॉर्म को ऊंचा करने, पर्याप्त रोशनी, पीने का पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव की बात रखी। उन्होंने सोनपुर मंडल के आला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए अपील की कि यदि इन तमाम मांगों को अविलंब पूरा नहीं किया गया, तो पार्टी आने वाले समय में लगातार संघर्ष और उग्र आंदोलन जारी रखेगी।
जनता के अधिकारों के लिए लगातार संघर्षरत है सीपीएम
पार्टी के सचिव एवं अंचल मंत्री कॉ. उपेन्द्र राय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीपीएम हमेशा से अपने जन अधिकारों एवं जनमुद्दों के सवालों को संघर्ष के रास्ते ही पूरा करने के लिए आंदोलन कर रही है। वहीं, सीपीएम जिला कमिटी सदस्य कॉ. दिनेश पासवान ने ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि उजियारपुर एक लोकसभा क्षेत्र होने के बावजूद यहां के स्टेशन पर सुविधाओं का घोर अभाव है।
इस धरना कार्यक्रम को अवधेश कुमार मिश्रा, राम विलास साहनी, राम नारायण भगत, उमेश प्र. साहनी, मनोज कुमार, कुंवर प्रसाद साहनी, जगदीश महतो, उपेन्द्र कुमार दास, राम प्रवेश राय, राम प्रवेश चौरसिया, विंदेश्वर सिंह, संजीव कुमार सुमन, राम निवास राय, विंदेश्वर राम, अशोक पुष्पम, उमेश मल्लिक आदि नेताओं ने भी संबोधित किया। मौके पर राम विनोद शर्मा, बुधन रजक, सुरेंद्र पासवान, दुर्गा सिंह, रामवृक्ष सिंह, रंजीत पोद्दार, पवन कुमार, रंजीत शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर धरने में भाग लिया।



