समस्तीपुर: उजियारपुर में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, दबंगों के हमले में दो भाई गंभीर रूप से घायल

उजियारपुर/समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। थाना क्षेत्र के गावपुर वार्ड नंबर 12 में महज 1.5 कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर दबंगों ने दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया।
इस खूनी संघर्ष में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। घायलों की पहचान करीब 20 वर्षीय संजय कुमार और 35 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है।
खेत में मकई लगाने गए थे पीड़ित, कुदारी से हुआ वार
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 10 बजे दोनों भाई अपने खेत में मकई की बुआई करने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए उनके चचेरे भाई के साथ करीब 5 से 7 लोगों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
आरोप है कि रामईकबल सिंह, उसके दोनों पुत्र, अशोक सिंह, देवराज और धनेश्वर सिंह ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हमलावरों ने हाथ में पहने जाने वाले लोहे के बाला और कुदारी से भाइयों के सिर पर वार किया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
प्रशासन की लापरवाही से बढ़ा विवाद
परिजनों का आरोप है कि इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। इससे पहले आरोपी रूपनारायण और उसके बेटों ने खेत में ग्लाइफोसेट (खरपतवार नाशक) छिड़ककर उनकी फसल भी पूरी तरह नष्ट कर दी थी।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि उन्होंने फसल नष्ट करने और विवाद को लेकर स्थानीय थाने में लिखित आवेदन भी दिया था, लेकिन पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज दबंगों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि उन्होंने जानलेवा हमला कर दिया।
फिलहाल, घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायल भाइयों को आनन-फानन में समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। और पढ़ें



