समस्तीपुर में सनसनीखेज वारदात: पति पर बेल्ट से गला घोंटकर पत्नी की हत्या का आरोप, पुलिस के आते ही ससुराल वाले फरार
समस्तीपुर (उजियारपुर): समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। चांदचौर मध्य पंचायत के वार्ड संख्या 1 (शंकर चौक के निकट) में एक विवाहिता की बेल्ट से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मृतका की पहचान स्थानीय निवासी अंकेश कुमार की 24 वर्षीय पत्नी मोनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतका का पति और ससुराल वाले फरार हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।

खुदकुशी बताकर रची गई थी साजिश?
मृतका के भाई भोला कुमार ने बताया कि वह अपने काम पर गया हुआ था। सोमवार सुबह उसके बहनोई अंकेश कुमार और ससुर शंकर साह ने उसे फोन कर बताया कि, “तुम्हारी बहन ने फांसी लगा ली है, आकर देख लो।”
इस सूचना पर जब भोला अपनी बहन के घर पहुंचा और घटना को लेकर अपने बहनोई से पूछताछ की, तो बहनोई (अंकेश) भड़क गया। आरोप है कि अंकेश ने भोला का भी गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। भोला के शोर मचाने पर आरोपी बहनोई और घर के अन्य सदस्य मौके से भाग खड़े हुए।

हत्या से एक घंटे पहले हुई थी बहन से बात
मृतका की बहन शोभा कुमारी ने बताया कि सोमवार सुबह ही उसकी अपनी दीदी (मोनी) से बात हुई थी। मोनी अपनी माँ से बात करना चाह रही थी। इस बातचीत के महज़ एक घंटे बाद ही उनके जीजा का फोन आया कि मोनी ने फांसी लगा ली है।
शोभा ने आरोप लगाया है कि उसके जीजा (अंकेश) ने ही उसकी बहन की बेल्ट से गला घोंटकर निर्मम हत्या की है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।
पुलिस की कार्रवाई और डीएसपी की चुप्पी
सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस और दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी परिवार पूरी तरह से घर छोड़कर फरार हो गया।
- शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
- डीएसपी ने साधी चुप्पी: घटनास्थल पर मौजूद दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा फिलहाल इस पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से परहेज करते नज़र आए। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने कि बात कही है।



