समस्तीपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, बदमाश प्रिंस कुमार के पैर में लगी गोली
समस्तीपुर: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन लगातार जारी है। समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर अपराधी प्रिंस कुमार घायल हो गया।

गोली उसके दाहिने पैर के आर-पार हो गई है। पुलिस ने घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया और कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उजियारपुर थाना पुलिस को मंगलवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि बदमाश प्रिंस कुमार किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई और तकनीकी जांच के सहारे उसका लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। जांच में पता चला कि प्रिंस भगवानपुर देसवा गांव स्थित हाईस्कूल के पास मौजूद है।
पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस पर चलाई गोली
लोकेशन मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी को देखते ही प्रिंस अपनी बाइक लेकर तेजी से भागने लगा। पुलिस ने भी उसका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद खुद को घिरता देख प्रिंस कुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की और गोली चलाई। पुलिस की एक गोली सीधे प्रिंस के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत मौके पर ही उसे दबोच लिया।
कई लूट और छिनतई मामलों में था वांछित
पकड़े गए अपराधी प्रिंस कुमार पर जिले के कई अलग-अलग थानों में लूट, छिनतई और अन्य संगीन आपराधिक मामलों के केस दर्ज हैं। पुलिस को काफी लंबे समय से उसकी तलाश थी। हाल ही के दिनों में उजियारपुर, सरायरंजन और कल्याणपुर थाना क्षेत्रों में हुई सीएसपी (CSP) केंद्रों से लूट और राहगीरों के साथ सड़क पर हुई छिनतई की कई वारदातों में भी उसकी संलिप्तता सामने आ रही थी।
हथियार बरामद, साथियों की तलाश में छापेमारी जारी
बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी प्रिंस के पास से हथियार और कुछ अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी, जिसे देखते हुए अस्पताल और प्रभावित इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
समस्तीपुर पुलिस इसे एक बड़ी सफलता मान रही है क्योंकि हाल के दिनों में सीएसपी लूट और बाइक सवार अपराधियों के आतंक से स्थानीय लोगों में काफी डर का माहौल था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रिंस कुमार के पूरे आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क को खंगाला जा रहा है, और उसके गिरोह से जुड़े अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पूछताछ के बाद जिले की कई अन्य बड़ी घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।



